आजमगढ़: कोरोना मुक्त होने के बाद अभी ग्रीन जोन में आने के लिए करना होगा और इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुधवार का दिन आजमगढ़ जनपद के लिए काफी मंगलकारी खबर लेकर आया। जनपद में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या शून्य हो गई है। हालांकि, जनपद में भले ही कोरोना संक्रमित सक्रिय मरीजों की संख्या शून्य हो गई हो, लेकिन अभी जनपदवासियों को ग्रीन जोन में जाने के लिए एक सप्ताह का इंतजार करना होगा। 21 दिन तक कोरोना संक्रमित नया मरीज नहीं मिलने पर ही जनपद आरेंज से ग्रीन जोन में आ सकता है। अभी नया मरीज 14 दिन से नहीं मिला है। इसलिए अभी सावधानी बरतने की जरूरत है। जनपद के ग्रीन जोन में जाने के बाद कुछ और सुविधाएं मिलनी शुरू हो सकती हैं।
लॉकडाउन के तीसरे चरण की घोषणा के साथ ही जनपदों को जोन के रूप में रेज, आरेंज और ग्रीन जोन में बांटा गया था। इसी के आधार पर जनपदों में गतिविधियों को शुरू कराया जा रहा है। आजमगढ़ जनपद को आरेंज जोन में रखा गया है। इसके साथ ही अंतिम पॉजिटिव मरीज के मिलने की तिथि से 21 दिन तक यदि जनपद में कोई संक्रमित मरीज नहीं मिलता है तो इसके ग्रीन जोन में जाने की बात भी कही गई थी।
चार सक्रिय मरीजों की तीसरी रिपोर्ट आई नेगेटिव
आजमगढ़ मेडिकल कालेज में भर्ती चार सक्रिय मरीजों के तीसरे सैंपल की जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। गोरखपुर से रिपोर्ट आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। डीएम एनपी सिंह ने बताया कि चार सक्रिय मरीजों की तीसरी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। अब तक जनपद में कुल आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जा चुके हैं। इलाज के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
71 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई
आजमगढ़ में गोरखपुर से कुल 71 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था कि ओवरलोड के कारण गोरखपुर लैब से रिपोर्ट नहीं आ पा रही है। इसके बाद जिलाधिकारी और सीएमओ ने गोरखपुर लैब में बात की थी। इसके बाद लैब से 71 सैंपलों की रिपोर्ट जारी कर दी गई है और सभी नेगेटिव हैं। अब तक 1196 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिसमें 1156 की रिपोर्ट आ चुकी है। सिर्फ 40 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी है। इसमें 25 से 30 वाराणसी लैब में ही फंसी है।
अभी गोरखपुर ही जाएंगे सैंपल
वाराणसी लैब का भी संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। लेकिन शासन के आदेश के अनुसार अभी जनपद से जांच के लिए सैंपल गोरखपुर ही भेजे जाएंगे। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि वाराणसी लैब के चालू होने की जानकारी मिली है। अभी वहां पहले के ही 25-30 सैंपलों की रिपोर्ट फंसी हुई है। पहले वो रिपोर्ट आ जाए। इसके बाद शासन के निर्देश पर सैंपल वहां जांच के लिए भेजा जाएगा।