जहानागंज। ब्लाक क्षेत्र के महुआ मुरादपुर गांव में बिजली चेकिंग को लेकर पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम के साथ गाली-गलौज करने के साथ ही हाथापाई भी किया। टीम ने 28 लोगों की बत्ती गुल किया तो वहीं ढाई लाख रुपये बकाया बिल के रूप में वसूल किया। वहीं टीम के साथ बदसलूकी पर एक्सईएन खंड दो दिनेश कुमार ने तीन नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ जहानागंज थाने पर मुकदमा पंजीकृत कराया है। शासन के निर्देश पर 10 हजार से अधिक के बकायेदार उपभोक्ताओं से वसूली की जोरशोर से चल रही है। इसी के तहत एक्सईएन वितरण खंड द्वितीय दिनेश कुमार के नेतृत्व में विभाग की टीम शुक्रवार को जहानागंज ब्लाक क्षेत्र के महुआ मुरारपुर गांव में चेकिंग के लिए पहुंची। टीम ने चोरी व बाईपास कर बिजली का उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं की जांच पड़ताल शुरू किया। दस हजार से अधिक बकायेदार 28 उपभोक्ताओं की लाइन काट दी गई तो वहीं ढाई लाख रुपये बकाया वसूली की गई। इसी दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने टीम पर हमला कर दिया। गाली-गलौज करने के साथ ही हाथापाई भी करने लगे। जिस पर बिजली विभाग की टीम बैरंग गांव से वापस लौट आयी। इसके बाद एक्सईएन दिनेश कुमार जहानागंज थाने पर पहुंचे और महुआ मुरारपुर गांव निवासी मुन्ना सिंह, विकास सिंह व राणा सिंह समेत 15 अज्ञात के खिलाफ टीम के साथ अभद्रता व हाथापाई करने की तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस टीम ने मुकदमा पंजीकृत कर नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है। टीम में उपखंड अधिकारी विक्रम, एसडीओ जहानागंज राजीव रंजन राय, जेई प्रमोद कुमार, चंदन यादव, सुबास, सुजीत व आदर्श वर्मा आदि शामिल रहे।