आजमगढ़। शासन के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद में नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान चलाया गया।
इस दौरान आठ पेट्रोल पंपों की चेकिंग कर यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वाले 51 चालकों का चालान किया। पेट्रोल पंपों पर कार्यरत कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट किसी भी वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए। संयुक्त टीम ने आमजन को समझाया कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं और पीछे बैठे सवारी दोनों को हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। अभियान में एआरटीओ अतुल कुमार यादव, पीटीओ विक्रांत सिंह, उपनिरीक्षक यातायात जयशंकर सिंह व गोविंद प्रसाद, मुख्य आरक्षी चंद्रशेखर राम, आशीष यादव, संजय मौर्य, आशुतोष यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।