पल्हना/लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रायपुर सालवाहन गांव में बृहस्पतिवार रात मूसलधार बारिश में कच्चा मकान गिर पड़ा, जिसमें गर्भवती महिला सोनम (28) मलबे में दब गईं। हादसे के वक्त वह पति मुकेश (32), पुत्र सीताराम के साथ सो रही थी।
बारिश के बीच मकान गिरने की अचानक हुई आवाज से मुकेश की नींद खुली और वह किसी तरह भागकर बाहर निकले, लेकिन पत्नी को समय रहते बाहर निकालने का मौका नहीं मिला। दीवार की मिट्टी महिला के सिर पर गिरने से वह मलबे में दब गई। हादसे के बाद जेठ सुरेश राजभर और अन्य परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए मिट्टी हटाकर महिला को बाहर निकाला। आसपास के ग्रामीण रामदीन राजभर, संतोष, श्यामदीन, निर्मला आदि भी मदद के लिए पहुंच गए। महिला के सिर में हल्की चोट आई है और उसे संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, तरवां में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना लेखपाल को दे दी है। इस संबंध में लालगंज तहसीलदार उमेश सिंह ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया जा रहा है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।