आजमगढ़। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों के रिपोर्ट की समीक्षा की और सीएमओ को अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पतालों में दवाओं व डॉक्टरों की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, वेक्टर जनित रोग, अधूरे निर्माण कार्यों, छात्रवृत्ति वितरण, सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना, 181 महिला हेल्प लाइन, मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना, आवास योजना, आजीविका मिशन, ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना आदि की समीक्षा किया। प्रभारी सीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल को एंबुलेंस के संचालन को दुरुस्त करने और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पीडब्लूडी अधिशासी अभियंता को गड्ढा मुक्त किए गए सड़कों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही एक्सईएन जल निगम को जिले में लगे हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ण कराये। इस अवसर पर सीडीओ डीसी उपाध्याय, पीडी अभिमन्यु सिंह, प्रभारी सीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल, डॉ. संजय, डीडीओ रविशंकर, जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता, उद्यान अधिकारी बालकृष्ण वर्मा, समेत अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।