UP : भीड़ में खींचते थे चेन और गहने, चार महिलाओं समेत युवक गिरफ्तार; प्लानिंग में बच्चों का करते थे इस्तेमाल
एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकदी समेत आभूषण भी बरामद किए हैं। इस अंतरराज्यीय गिरोह की तलाश काफी दिनों से थी।
विस्तार
UPSTF : आजमगढ़ में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के गड़ेरीपट्टी गांव में गुरुवार को एसटीएफ ने अंतरराज्यीय गिरोह की चार महिलाओं समेत पांच टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया। इस दौरान सोने और चांदी के आभूषणों के साथ 15 हजार रुपये नकद बरामद किए। एसटीएफ ने इस मामले में जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसटीएफ के सूत्र के मुताबिक, कुछ दिनों से लखनऊ, महाकुंभ प्रयागराज, अयोध्या मेला व वाराणसी में अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह श्रद्धालुओं से गहने, रुपये की चोरी करता था। साथ ही टप्पेबाजी की सूचनाएं मिल रहीं थीं।
गिरोह के सदस्यों के आजमगढ़ के थाना क्षेत्र जीयनपुर में होने की सूचना मिली। इस पर एसटीएफ ने थाना प्रभारी जीयनपुर को साथ लेकर अंजान शहीद मोड़ थाना क्षेत्र जीयनपुर से टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर लिया गया।
लूटने का अंदाज शातिर होता था
आरोपियों ने बताया कि उन लोगों का एक गिरोह है। वह लोग गिरोह व अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर भीड़भाड़ वाले स्थान पर पहले से सिखलाए हुए अपने छोटे बच्चों को आगे करके महिलाओं से बातचीत में उलझाते हैं।
इसी दौरान मौका देखकर इस गिरोह के लोग महिलाओं की चेन तोड़ लेते थे। इस गिरोह में महिलाएं भी शामिल हैं। जिनको प्रति चेन 2000 रुपये दिए जाते हैं। यह लोग आपस में चेन को रस्सी बोलते हैं ताकि किसी को शक न हो।
यह लोग सोने चांदी की दुकानों पर भी मौका देखकर यह काम करते हैं। यह लोग 21 मई 2024 को ग्राम सुगौटी, महराजगंज में घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिए थे। वहीं 3 जून 2024 को ग्राम पासीपुर महराजगंज में भी घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। इस काम से जो भी गहने मिलते है उन्हें आपस में बांट लेते हैं।
इनकी भी सुनें
एसटीएफ की छापामारी हुई है। लेकिन, एसटीएफ का मामला होने के कारण हम इस संबंध में कुछ नहीं बता सकते हैं। जितेंद्र बहादुर सिंह, कोतवाली प्रभारी जीयनपुर।