आजमगढ़। लूट की कई घटनाओं में वांछित व पचास हजार के ईनामी दमाश को एसटीएफ व कप्तानगंज थाने की संयुक्त टीम ने कप्तानगंज के देऊरपुर मोड़ के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पकड़ा गया बदमाश अरविंद राजभर उर्फ दिल्ली पुत्र गुलाब राजभर जौनपुर के जलालपुर का है। बदमाश पर आजमगढ़ व जौनपुर पुलिस ने 25-25 हजार का ईनाम घोषित कर रखा था।
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि अरविंद ने नौ अक्टूबर 2019 को कप्तानंज के भवानीपट्टी गांव के पास बैंक मित्र श्रवण चौरसिया से असलहे के बल पर तीन लाख रुपये की लूट की थी। इसके अलावा पासीपुर नहर पुलिया के पास बैंक मित्र रमेश यादव की गोली मार कर हत्या करने के साथ ही 1.36 लाख रुपये लूट लिये थे। पुलिस मुठभेड़ के दौरान यह भाग निकला था और इसका साथी प्रवीण पांडेय गिरफ्तार किया गया था। एसपी ने बताया कि एसटीएफ लखनऊ के एसआई शिवनेत्र सिंह व एसओ कप्तानगंज विनोद कुमार की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार की भोर में उसे देऊरपुर तिराहे से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो अदद चेकबुक व 1500 रुपये नकद बरामद किया है।