आजमगढ़। डीएम शिवाकान्त द्विवेदी ने प्राथमिक स्कूल अंबारी प्रथम के प्रांगण में मंगलवार को चिल्ड्रेन बैंक का उद्घाटन किया। डीएम ने प्राइमरी कक्षाओं का भी निरीक्षण किया और छात्रों से सवाल भी पूछे। डीएम ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही स्मार्ट क्लास, शौचालय, तालाब का निरीक्षण भी किया गया। डीएम ने बच्चों को 15 मिनट गणित पढ़ाया। कक्षा पांच के छात्रों से 1/2 और 2/4 में अंतर पूछा तो छात्र सौरभ ने जवाब दिया कि बराबर होता है। तहसीलदार पवन सिंह ने छात्र सौरभ को पांच सौ रुपए पुरस्कार दिया। जनहितकारी सेवा संस्थान के अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ पाण्डेय ने डीएम को को प्रशस्ति पत्र दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि चिल्ड्रेन बैंक में वर्तमान में इस स्कूल के अध्ययनरत छात्र-छात्राएं ही जमा एवं निकासी कर सकेंगे। बैंक में एक दिन में जमा करने की अधिकतम सीमा 10 रुपये होगी। बच्चे विद्यालय में शिक्षा पूर्ण करने के बाद संपूर्ण जमा धनराशि अभिभावक की उपस्थिति में प्राप्त कर सकेंगे। खाते से संबंधित जमा रसीद और स्टेटमेंट भी प्राप्त कर सकते हैं। अध्यापकों से कहा कि सभी बच्चे मिट्टी की तरह हैं। इनको जिस आकार में ढालेंगे ये उसी आकार में ढल जाएंगे। बच्चों में अच्छे गुणों का विकास करें। प्राथमिक शिक्षा जीवन का आधार है, प्रत्येक कक्षा से बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर अच्छे बच्चों का चयन करें। उनका सहयोग करें। जो बच्चे पढ़ाई में कमजोर हैं उनको अतिरिक्त समय देकर सुधार लाएं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों से पढ़ाई के समय घर का कार्य न कराएं। बीएसए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, राजेश यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव, त्रिलोकीनाथ पाण्डेय, डॉ. श्याम प्रसाद यादव, नवनीत श्रीवास्तव, डॉ. उदयभान यादव, आशुतोष त्रिपाठी, रामचेत यादव, पलकधारी, रामधनी यादव रहे। आभार प्रधान डॉ. सुभाष यादव ने व्यक्त किया।