आजमगढ़। महिला अस्पताल में सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रविन्द्र कुमार ने मिशन इंद्रधनुष अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ किया। यह अभियान 10 जनवरी तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान में 27,271 बच्चों और 6,362 महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में 26,365 बच्चे और शहरी क्षेत्र में 906 बच्चे शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 6045 महिलाएं और शहरी क्षेत्र में 317 महिलाएं शामिल हैं। अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 2,958 और शहरी क्षेत्र में 123 सत्र चलेंगे। इसे सफल बनाने के लिए 468 टीम, 156 पर्यवेक्षक, 88 सेक्टर इंचार्ज, पांच जोनल इंचार्ज लगाए गए हैं। सीएमओ ने समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों से कहा कि मिशन इन्द्रधनुष अभियान के तीसरे चरण में कोई भी बच्चा या गर्भवती महिलाएं टीकाकरण से नहीं बचनी चाहिए। टीकाकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न करें। पहले दिन के मिर्जापुर, पवई में टीकाकरण की खराब प्रगति पाए जाने पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय को प्रभारी चिकित्साधिकारी को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। सीएमएस डॉ. अमिता अग्रवाल, डॉ. संजय, डॉ. वाईके राय, यूनीसेफ के प्रवेश मिश्रा, यूएनडीपी की पूनम शुक्ला, डब्ल्यूएचओ के सुशील पांडेय, डीसीपीएम के विपिन बिहारी पाठक और प्रदीप मिश्रा उपस्थित रहे।