अहरौला। फूलपुर तहसील क्षेत्र के निजामपुर गांव में पोखरी की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इसकी शिकायत पर नायब तहसीलदार द्वारा अक्टूबर में की गई जांच में अतिक्रमण का मामला सही पाया गया। नायब तहसीलदार द्वारा 15 दिन के अंदर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी अब तक कब्जे को नहीं हटाया जा सका है। शिकायतकर्ता ने शनिवार को सीएम पोर्टल पर मामले की शिकायत दर्ज कराई ।
निजामपुर गांव के रामकेदार पुत्र रामनाथ के द्वारा फूलपुर एसडीएम को पत्र दिया गया था, जिस पर नायब तहसीलदार द्वारा पोखरी की जांच की गई। नायब तहसीलदार फूलपुर की जांच में अतिक्रमण का मामला सही पाया गया। नायब तहसीलदार ने 15 दिन के अंदर पोखरी से अवैध कब्जा हटाने के लिए निर्देश दिया था, लेकिन दो महीने के बाद भी अभी तक कब्जा बरकरार है। शिकायतकर्ता रामकेदार के द्वारा पुन: मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें कहा गया है कि 22 दिसंबर को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर पोखरी का सीमांकन किया था और खूंटे के द्वारा निशानदेही की गई। विपक्षियों के द्वारा खूंटे को उखाड़ कर फेंक दिया गया है, और शिकायतकर्ता रामकेदार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। रामकेदार ने मांग की है कि कब्जा हटा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।