बूढ़नपुर। आगामी लोकसभा चुनाव से पूर्व तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के किसान बालिका इंटर कालेज में सम्मेलन का आयोजन किया। मुख्य अतिथि विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन ने देश और प्रदेश की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार केवल धर्म और जाति की राजनीति करना जानती है। बेलगाम महंगाई के चलते किसान और मजदूर को दो वक्त की रोटी जुटा पाना मुश्किल हो गया है। बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। विशिष्ट अतिथि नागेंद्र सिंह पटेल सांसद फूलपुर इलाहाबाद ने कहा कि इस सरकार ने झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का काम किया। अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री बलराम यादव ने कहा कि बूथ लेबल के कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव का रणनीति तय करते हैं। इनके निरंतर परिश्रम से ही लोकसभा और विधानसभा का चुनाव लड़ा जाता है। सभी बूथ कार्यकर्ता मतदाता सूची में अधिक से अधिक नाम बढ़ाकर आने वाले चुनाव की रणनीति तय करेंगे। विशिष्ट प्रवक्ता क्षेत्रीय विधायक डा. संग्राम यादव ने देश और प्रदेश की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जिसने राम तक को नहीं छोड़ा। वह आज हिंदू-मुस्लिम को आपस में लड़ा कर लोगों को बांटने का काम कर रहा है। हमें अब एकजुट होकर मिशन 2019 को हासिल करना है। इससे अखिलेश यादव को देश का प्रधानमंत्री बनाया जा सके। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री वसीम अहमद, राम आसरे विश्वकर्मा, जयप्रकाश, दामोदर, सुबाषचंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव, डा. नरेंद्र यादव, नफीस अहमद विधायक, श्यामबहादुर यादव, अखिलेश यादव आदि उपस्थित थे।