लालगंज। विकासखंड के कस्बा लालगंज स्थित सौ बेड हॉस्पिटल को भगवान भरोसे हैंड ओवर कर छोड़ दिया गया। आनन-फानन में सीएमओ के आदेश पर नई बिल्डिंग में प्रवेश कर लिया गया लेकिन एक भी स्टाफ बाहर से नहीं आया। डा. आनंद, डा. एसके सिंह, डा. अमर बहादुर सिंह, डा. ओपी शर्मा का तबादला 30 जून को हो गया। जहां 100 बेड हॉस्पिटल में लगभग लगभग सारे स्पेशलिस्ट जिसमें इएनटी, गायनिक, चर्म रोग, जनरल सर्जन, आर्थो सर्जन, एमडी मेडिसिन आदि होते हैं लेकिन यहां पर किसी की तैनाती नहीं है। पूर्व में विगत कुछ दिनों पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकरगाढ़ पर नियुक्त हुए एक जनरल सर्जन को भी देवगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेज दिया गया। 100 बेड हॉस्पिटल में न तो पानी की सुविधा है ना टेबल कुर्सी ही है जनरेटर तो है पर ना तो डीजल है ना तो उसका ऑपरेटर ही है। बिजली कट जाने के बाद एक इंवर्टर है जो कि पुराने हॉस्पिटल से लाया गया है जिससे इमरजेंसी चलाई जा रही है। लिफ्ट है पर लिफ्ट चलाने वाला टेक्नीशियन नहीं है पूर्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नियुक्त एक सफाई कर्मी और तीन वार्ड ब्वाय का भी ट्रांसफर हो चुका है। साफ सफाई की व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। इस संबंध में प्रभारी अधीक्षक डा. शशांक ने बताया कि पूर्व में अधीक्षक डा. एसके सिंह सहित कई चिकित्सकों का ट्रांसफर हो चुका है अभी हम को चार्ज लिए एक-दो दिन हुआ है देखते हैं क्या व्यवस्था है।