Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ayodhya News ›   Chhath Puja begins with Nahay Khay

Ayodhya News: नहाय-खाय से डाला छठ शुरू

Sat, 14 Nov 2026 12:58 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या Updated Sat, 14 Nov 2026 12:58 AM IST
विज्ञापन
Chhath Puja begins with Nahay Khay
छठ पूजन के लिए तैयारी करते लोग।
अयोध्या। आंचल में आस्था, माथे पर लंबा सिंदूर और जुबां पर छठ मइया के पारंपरिक गीत...। कुछ इसी श्रद्धा और उल्लास के बीच लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है। घरों में गूंजते गीतों के बीच व्रती महिलाओं ने शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा निभाई। स्नान, स्वच्छता और सात्विक भोजन के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुआ।
विज्ञापन

शनिवार को खरना के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी। छठ पर्व को लेकर घरों में शुद्धता और नियम-संयम का विशेष ध्यान रखा गया। व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान कर घर और रसोई की साफ-सफाई की। इसके बाद मिट्टी या कांसे के बर्तनों में सात्विक भोजन तैयार किया। नहाय-खाय के प्रसाद में कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाए गए। कई घरों में भोजन लकड़ी और गोबर के उपलों पर पकाया गया।
विज्ञापन

छठ के दूसरे दिन शनिवार को लोहंडा-खरना की परंपरा निभाई जाएगी। पूरे दिन उपवास रखने के बाद व्रती महिलाएं शाम को छठी मइया की पूजा करेंगी। इस मौके पर नए मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी पर साठी के चावल, दूध और गुड़ अथवा गन्ने के रस से खीर तैयार की जाएगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। इस दौरान अन्न और जल का त्याग कर सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


अस्ताचलगामी सूर्य से उदीयमान भास्कर तक होगी आराधना
महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचेंगी। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के मंगल की कामना करेंगी। इसके अगले दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ व्रती महिलाएं पारण कर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा करेंगी।


सिंदूर की लंबी रेखा में अखंड सौभाग्य की कामना
पंडित साकेत शरण मिश्र के अनुसार छठ पर्व की परंपरा रामायण और महाभारत काल से जुड़ी मान्यताओं में भी मिलती है। मान्यता है कि लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर भगवान राम और माता सीता ने सूर्यदेव की उपासना की थी। महाभारत में द्रौपदी की सूर्योपासना और व्रत से जुड़ी कथाएं प्रचलित हैं। छठ पर्व पर महिलाओं के शृंगार में लंबा और गाढ़ा सिंदूर भी विशेष महत्व रखता है। इसे अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना का प्रतीक माना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed