{"_id":"68d2c101282baef559012b3a","slug":"ballias-sunbeam-defeated-maharashtras-blossom-international-ayodhya-news-c-97-1-ayo1002-135588-2025-09-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ayodhya : बलिया के सनबीम ने महाराष्ट्र के ब्लॉसम इंटरनेशनल को हराया, बालिका वर्ग चैंपियनशिप का हुआ शुभारंभ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ayodhya : बलिया के सनबीम ने महाराष्ट्र के ब्लॉसम इंटरनेशनल को हराया, बालिका वर्ग चैंपियनशिप का हुआ शुभारंभ
Wed, 24 Sep 2025 05:34 PM IST
लखनऊ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
Updated Wed, 24 Sep 2025 05:34 PM IST
विज्ञापन
खो-खो बालिका वर्ग चैंपियनशिप का शुभारंभ
- फोटो : amar ujala
रामनगरी में मंगलवार को अवध इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई नेशनल खो-खो बालिका वर्ग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 58 टीमों के 800 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें चार विदेशी टीमें भी भाग ले रही हैं, जिसमें ओमान, कतर, शारजाह और यूएई की टीमें शामिल हैं। साथ ही असम, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब व दिल्ली के खिलाड़ी भी मैदान में उतरे।
विज्ञापन
खेल अध्यापक संतोष सिंह ने बताया कि पहला मुकाबला बलिया के सनबीम स्कूल और महाराष्ट्र के ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल दरहाने के बीच खेला गया। इसमें महाराष्ट्र की ब्लॉसम इंटरनेशनल टीम ने 19-09 से जीत दर्ज की। अंडर-17 वर्ग में तमिलनाडु की आरती देवी ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को विजयी बनाया। वहीं अंडर-14 वर्ग में कर्नाटक की शिवानी ने निर्णायक अंक हासिल किए।
विज्ञापन
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने किया। अध्यक्षता रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह विशिष्ट अतिथि रहीं। विद्यालय के अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहेंगे और प्रतियोगिता का समापन महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव करेंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य विष्णु कुमार गुप्ता ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार जताया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन शांतनु सिंह, निदेशक कविता सिंह, डॉ. अवधेश वर्मा, पूर्व प्राचार्य प्रो.अभय सिंह, भगवानदीन अग्रवाल, शरद कपूर, मौजूद रहे।
विज्ञापन
खेल के साथ संस्कृति को जानने का मौका मिला
यूएई की अलीना प्रेठा मानू ने कहा कि पहली बार अयोध्या में खेलने का अवसर मिला तो लगा कि प्रतियोगिता में भाग लेने के साथ-साथ भारत की संस्कृति को भी करीब से जानने का सौभाग्य मिला। यहां का वातावरण, लोगों का उत्साह और स्वागत भाव अविस्मरणीय रहेगा। ओमान की जिया प्रजाद ने कहा कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर गर्व महसूस हो रहा है। यहां के आयोजन और खिलाड़ियों के जोश ने दिल जीत लिया। मुझे विश्वास है कि यह अनुभव मेरे खेल को नई दिशा देगा और भारत से गहरे संबंध भी जोड़ेगा। वहीं की सिमरन नजली ने कहा कि यहां आकर ऐसा लगा मानो खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक यात्रा भी कर रही हूं। अयोध्या के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए यहां खेलना मेरे लिए बहुत खास है। प्रतियोगिता का स्तर बेहद शानदार है और इससे आत्मविश्वास और भी बढ़ा है। ओमान की खदीजा हारीस ने कहा कि अयोध्या में मिली गर्मजोशी और अपनापन जीवनभर याद रहेगा। इस प्रतियोगिता ने न सिर्फ खेल के नए आयाम सिखाए, बल्कि यहां की संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का भी अवसर मिला। मुझे खुशी है कि मैं इस यादगार आयोजन का हिस्सा बनी।