फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Auraiya News ›   The grain trader's bite cut from the weapon

अनाज कारोबारी की धारदार हथियार से काटकर हत्या

Fri, 11 May 2018 10:27 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो औरैया
अमर उजाला ब्यूरो औरैया Updated Fri, 11 May 2018 10:27 PM IST
विज्ञापन
The grain trader's bite cut from the weapon
टॉर्च जलाकर घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती पुलिस। - फोटो : amarujala

बिधूना/रुरुगंज (औरैया)। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पंडपुर गांव में गुरुवार रात कस्बे के एक प्रतिष्ठित किसान व अनाज कारोबारी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। उनकी पत्नी ने घटनास्थल से एक को भागते हुए देखा है। उनके चीखने चिल्लाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। बिधूना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीण खून से लथपथ कारोबारी को चारपाई में रखकर अस्पताल ले जा रहे थे। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी नागेश्वर और सीओ बिधूना ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। एसपी ने घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या रंजिश में की गई लगती है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी ने अभी तक किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।

विज्ञापन


   बिधूना कोतवाली के रुरुगंज क्षेत्र के पंडपुर गांव में अशोक कुमार गुप्ता (62)  पत्नी हेमलता के साथ अकेले रहते हैं। उनका यहां श्री रामनाथ गुप्ता कृषि फॉर्म पोरवाल उद्यान साहपुर के नाम से करीब 200 बीघा का कृषि फार्म है। इसी फार्म से अनाज, गेहूं, आलू, सरसों आदि का कारोबार भी करते हैं। साथ ही दूसरों को ब्याज पर रुपये भी बांटते हैं। फार्म में ही उन्होंने अपना आवास बना रखा है। अशोक कुमार गुप्ता के एक बेटा गौरव गुप्ता, और बेटी प्रतिभा गुप्ता हैं वह दोनों अमेरिका में रहते हैं।
विज्ञापन


गुरुवार देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच पति-पत्नी घर पर थे। रात में उनका बटाईदार बिजौड़ा निवासी अतुल खेत में पानी लगाने आया था। बटाईदार ने बताया कि खेत की सबमर्सिबल नहीं चल रही है। जिस पर अशोक उसे सही करने खेत चले गए। पत्नी हेमलता ने बताया कि जब कुछ देर तक वह वापस नहीं आए तो वह पति को देखने गई। वहां खून से लथपथ पड़े थे। एक युवक वहां से भाग रहा था। उनके चिल्लाने पर आसपास के लोग आ गए। देखा तो उनके शरीर पर हमलावरों द्वारा धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


उनके दोनों हाथ कटे हुए थे। गले और सिर के अलावा शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से प्रहार किया गया था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ भास्कर वर्मा, कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा मौके पर पहुंच गए और किसान व अनाज कारोबारीअशोक को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरो ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रात में ही औरैया भेज दिया था। घटना से क्षेत्र में दहशत है। गांव के लोग कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।

पत्नी का आरोप है कि यूपी-100 पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची और न ही 108 एंबुलेंस का फोन लगा। जिससे अस्पताल आने में काफी देर हो गई। पत्नी का यह भी कहना है कि उनकी किसी से रंजिश भी नहीं थी। घटना को लेकर शुक्रवार को एसपी नागेश्वर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक किसान की पत्नी से घटना की जानकारी ली।

एसपी ने बताया कि जिस तरीके से किसान कारोबारी की हत्या की गई है। उससे घटना रंजिश को लेकर लग रही है। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना को लेकर दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

हत्याकांड के तार डेढ़ साल पहले हुई डकैती से तो नहीं जुड़े
औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पंडपुर गांव में हुई अनाज कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस डेढ़ साल पहले मृतक के घर में पड़ी डकैती में शामिल लोगों की तलाश करने में जुट गई है। इस प्रकरण में पुलिस हत्या की घटना के तार जोड़कर सुराग लगाने में जुटी है। मामले के खुलासे को लेकर एसपी ने एक टीम गठित कर दबिश डालने के आदेश जारी किए हैं।

पंडपुर में हुई अशोक की हत्या का मामला संगीन होने के कारण पुलिस घटना के खुलासे में पीछे के सभी प्रकरणों को शामिल कर हकीकत पता लगाने का प्रयास कर रही है। कोतवाली इंस्पेक्टर बिधूना अखिलेश मिश्रा की मानें तो घटना के पीछे मृतक अशोक के घर में डेढ़ साल पहले एक डकैती पड़ी थी। जिसमें चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसमें चारों वर्तमान में जेल से बाहर हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। इस संबंध में एसएचओ अखिलेश मिश्रा ने बताया कि डकैती की घटना में शामिल चारों की तलाश के लिए टीम लगातार दबिशें दे रही है। इस दबिश के दौरान पुलिस ने एक दिव्यांग को अपने घर में ही मौजूद पाया। जबकि एक जिले से बाहर कहीं गया हुआ है। वहीं दो लोग हरियाणा के हैं। इनकी धरपकड़ को पुलिस दबिश देने जा रही है।

हत्या में दिखी क्रूरता की पराकाष्ठा
 बिधूना कोतवाली क्षेत्र में फार्म हाउस पर हुई अशोक की हत्या लोगों के दिल और दिमाग पर चढ़ी हुई है। शव को देखने से यह प्रतीत होता है कि हत्या करने वाले का निश्चित ही कोई बड़ा मामला रहा होगा। क्योंकि सिर, चेहरा, गर्दन व शरीर के कई हिस्सों में बेरहमी से धारदार हथियार से हमला किया गया है। जिसे देखकर लोगों के दिल दहले हुए हैं। पुलिस भी इस प्रकरण में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए प्रहार देखकर असमंजस में है।

कहीं अधिक ब्याज लेना तो मौत का कारण नहीं बना
घटना के पीछे पुलिस हर तरह के तथ्यों को शामिल कर जांच कर रही हैं। इस मामले में एसपी नागेश्वर सिंह की ओर से गठित टीम के इंचार्ज संतोष मिश्रा ने बताया कि जो जिम्मेदारी उन्हें मिली है। उसके लिए वह जल्द से जल्द हत्या का खुलासा करने का प्रयास करेंगे। बताया कि जिस तरह से मृतक के शरीर पर वार किए गए हैं। इससे यह भी साबित होता है कि हत्या करने वाला व्यक्ति मृतक के व्यवहार से बुरी तरह से पीड़ित रहा होगा। मृतक ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। उसका पूरे क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति से कोई व्यवहार नहीं था। पैसा ही उसका सब कुछ था। शायद अधिक ब्याज लेने से पीड़ित व्यक्ति का भी यह काम हो सकता है।

पिता की हत्या की खबर सुनकर बेटा-बेटी बेसुध
बिधूना/रुरुगंज (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के पंडपुर गांव में हुई प्रतिष्ठित किसान व अनाज कारोबारी की हत्या की खबर से अमेरिका के न्यूजर्सी शहर में रहे परिजनों में भी कोहराम मचा हुआ है। जैसे ही मां ने फोन से यह सूचना अपने बेटा-बहू व बेटी को बेटा बेसुध हो गया। बेटे ने अमेरिका में ही रह रहे अपने ताऊ विक्रमादित्य गुप्ता को यह खबर दी। वह भी खबर को सुनकर हतप्रभ रह गए।  भारत आने के लिए बेटा-बेटी वहां से रवाना हो गए हैं।  

  बिधूना तहसील के रुरुगंज क्षेत्र के पंडपुर के रहने वाले अशोक कुमार गुप्ता क्षेत्र के बड़े अनाज के कारोबारी और प्रतिष्ठित परिवार के रूप में जाने जाते थे। इनके कृषि फार्म जो कि पिता जी के नाम से है, उसमें गेहूं, सरसों, आलू आदि की खेती की जाती है। मृतक तीन भाई हैं। अशोक सबसे छोटे हैं। सबसे बड़े भाई विक्रमादित्य गुप्ता अमेरिका में रहते हैं। उनसे छोटे विजय गुप्ता ऋषिकेष में परिवार समेत रहते हैं।

अशोक यहां अपनी पैतृक जमीन की देखभाल करते थे। यहीं उनका कारोबार है।  अशोक के एक बेटा गौरव गुप्ता जो शादीशुदा है वह अपनी पत्नी के साथ अमेरिका के न्यूजर्सी शहर में रहता है। गौरव न्यूजर्सी शहर में एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है। गौरव की शादी फर्रुखाबाद में हुई है। गौरव के साथ उसकी बहन प्रतिभा गुप्ता उर्फ बेबी भी अमेरिका में रहती है। उसकी शादी नहीं हुई है। अशोक की पत्नी हेमलता ने जब अपने बेटे और बेटी को पिता की हत्या की सूचना दी तो बेटा-बेटी बिलख पड़े। वे भारत आने के लिए रवाना हो गए हैं।  हेमलता ने बताया कि वह अभी अपने पति अशोक के साथ 2 अप्रैल को अमेरिका से लौटी थी। साल- दो साल में उनका अमेरिका आना-जाना लगा रहता था। इधर ऋषिकेष में मौजूद अशोक के बड़े भाई विजय गुप्ता को भी घटना की जानकारी दी गई है। वह भी ऋषिकेश से चल दिए हैं।

बिधूना क्षेत्र में 40 दिन में दूसरी हत्या से सनसनी
बिधूना (औरैया) । बिधूना कोतवाली क्षेत्र में 40 दिन के अंदर हत्या की दूसरी वारदात होने से हड़कंप मचा है। विगत दो अप्रैल को कस्बे के लोहा मंडी में एक युवक को गोली मार दी गई थी। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई थी। घटना को लेकर पुलिस अब तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जिस पर शुक्रवार को एसपी नागेश्वर सिंह ने मृतक शिवम के लोहा मंडी आवास पर पहुंचकर परिजनों सेे बात की। हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।


  गुरुवार रात में अनाज कारोबारी की नृशंस तरीके से धारदार हथियार से गर्दन, सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। जिससे क्षेत्र में एक बार फि र सनसनी फैल गई। लोगों में सुरक्षा को लेकर भय व्याप्त है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नागेश्वर सिंह ने बताया कि गोली मारने की घटना को लेकर पुलिस पूरी तरह से हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर सक्रिय है। घटना को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed