औरैया। सदर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा अयाना स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश प्रजापति ने की। जबकि संचालन राजकुमार गौतम ने किया। कार्यक्रम में सपा नेताओं ने पीडीए समाज की एकजुटता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि एटा जनपद के जिला महासचिव भूपेंद्र प्रजापति ने कहा कि समाज के लोगों को अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने खुलकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। भूपेंद्र प्रजापति ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम किया और विभिन्न समाजों से आने वाले लोगों को राजनीतिक नेतृत्व का अवसर दिया। समाजवादी पार्टी की विचारधारा सामाजिक न्याय और समान भागीदारी पर आधारित है। सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि पीडीए जनपंचायत का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को एक मंच पर लाना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी के बिना सामाजिक न्याय की कल्पना पूरी नहीं हो सकती। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और आस पास क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारियों में जुटने की अपील की। कार्यक्रम में संदीप कुमार, बाबा रामनरेश यादव, पूर्व विधायक मदन गौतम, प्रदीप चौहान, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुमन दिवाकर, भगवती निषाद, ओ के चौधरी, अमित तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।