ऐरवाकटरा। क्षेत्र के रघुनाथपुर मंदिर में दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा बिधूना रोड पर गुलालपुर गांव के पास बेकाबू होकर पलट गया। इससे उसमें सवार छह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी लेकर पहुंची। वहां से चार को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया है।
सहार थानाक्षेत्र के पुर्वा खगन निवासी सोबरन सिंह(70) ने बताया कि बुधवार को बेटे की शादी थी। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे वह परिवार के लोगों के साथ दर्शन करने के लिए ई-रिक्शा से रघुनाथपुर मंदिर आ रहे थे। उनके साथ शारदा देवी(60), राजरानी(45), जानकी देवी(65), आशा देवी(50) व मैनपुरी के कल्याणपुर थाना कुर्रा निवासी शुक्रवती देवी(56) भी थीं। ई-रिक्शा बिधूना मार्ग पर गुलालपुर के पास पहुंचा तभी चालक ने संतुलन खो दिया और ई-रिक्शा सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में सभी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी ऐरवाकटरा भेजा। डॉ. मोहित कुमार ने बताया कि सोबरन सिंह, शारदा देवी, जानकी देवी को गंभीर चोट होने से उन्हें सैफई रेफर किया गया है। घायल सोबरन ने बताया कि वह बिधूना से ई-रिक्शा किराये पर लेकर आए थे। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। थानाध्यक्ष जीवाराम ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की जाएगी।