मुरादगंज (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज में एक व्यक्ति के घर के बाहर बंधी बछिया के अवशेष कब्रिस्तान में पड़े मिलने से कस्बे में सनसनी फैल गई। गाय के अवशेष देखकर लोगों में आक्रोश फै ल गया। कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश भी की पर पुलिस ने अवशेषों को तुरंत हटाकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। मामले में 11 लोगों के खिलाफ अयाना थाने में तहरीर दी गई है, जिसमें दो लोगों को पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया है। क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
कस्बे के इटावा रोड निवासी सूबेदार सिंह पुत्र कल्याण सिंह की करीब एक साल की बछिया घर के बाहर बंधी रहती थी। शुक्रवार सुबह घर के बाहर बछिया बंधी न मिलने पर सूबेदार ने आसपास खोजा तो पास के स्थित कब्रिस्तान में उगी झाड़ियों के बीच खाल और खून पड़ा मिला। इसकी सूचना सूबेदार ने स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। इसके बाद कुछ लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे मुरादगंज चौकी प्रभारी प्रमोद शर्मा ने तुरंत अवशेषों को हटवाया व आला अफसरों को सूचित किया। जानकारी मिलते ही सीओ अजीतमल भी पहुंचे और कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार को जल्द कार्रवाई का निर्देश दिए। घटना के स्वरूप को देखते हुए खुफिया विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस बीच ग्राम प्रधान दलेलनगर नूरी खान के पति इकबाल खां ने घटना में शामिल दो युवकों के नाम पता कर पुलिस को बताए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया। एक अन्य युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सूबेदार द्वारा दी गई तहरीर में 11 लोगों सरताज पुत्र अजमेरी, बॉबी पुत्र जमालु, फुरकान पुत्र फरमान, चांद पुत्र साबू, शाहरुख पुत्र उले सईद, शेखू पुत्र लड्डन, अंसार पुत्र इकबाल, सादिक पुत्र नजर मुहम्मद, कासिम पुत्र मुन्ना, यासीन पुत्र करीमुल्ला, जमाल पुत्र कमाल को आरोपी बनाया गया है। पशु चिकित्साधिकारी कैलाश बाबू ने बताया कि अवशेष का सेंपल ले लिया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि गोवंश है या नहीं।