औरैया। अखिल भारतीय गहोई महासभा की निर्वाचन प्रक्रिया पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को संपन्न हुई। कुल 27 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। महासभा के अनुसार संगठन में कुल 25,584 मतदाता है। इसमें अध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष सहित उपाध्यक्ष पद पर बैलेट पेपर से मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने के लिए महासभा के पदाधिकारियों ने सहयोग किया। शहर के आध्या होटल को मतदान स्थल संख्या 31 बनाया गया था। जिसमें 396 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। इस मतदान केंद्र में कुल 269 मतदाताओं ने मतदान का प्रयोग किया जो कि 68 प्रतिशत रहा। इसका अंतिम परिणाम देश भर में गणना के बाद 22 नवंबर को घोषित किया जाएगा। शांतिपूर्ण मतदान कराने में गहोई वैश्य सेवा समिति अध्यक्ष व चुनाव प्रभारी विष्णु गहोई, सह प्रभारी अमित कुमार सुहाने का योगदान रहा। मतदान पीठासीन अधिकारी बृजेश बंधु, मतदान अधिकारी अमित कुमार सोनी, मंगलेश चंद्र सुहाने, शशिराज सेठ, सुनीता गहोई ने मतदान संपन्न कराया। महासभा के निर्वाचन प्रवक्ता अनुज कुमार बरसइयां को मनोनीत किया गया। इस मौके पर आनंद बरसइयां, अंकित गहोई, केके बरसइयां आदि ने मतदान प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सहयोग रहा। (संवाद)