बिजौरा में देसी शराब की दुकान के विरोध में एक बार फिर महिलाओं ने हंगामा किया। दुकान पर नारेबाजी कर महिलाओं ने कहा कि वह किसी भी सूरत में गांव में शराब की दुकान नहीं चलने देंगीं। शराब सभी विवादों की जड़ है। महिलाओं के विरोध की जानकारी होने पर जिला आबकारी अधिकारी व थाना पुलिस ने हंगामा कर रहीं महिलाओं के बीच पहुंच कर समझाने की कोशिश की। हसनपुर एसडीएम हंगामा कर रहीं महिलाओं को समझाने में लगे हैं।
हसनपुर तहसील क्षेत्र और गजरौला ब्लाक के गांव बिजौरा में देसी शराब की दुकान है। मंगलवार को गांव की महिलाएं एकत्र होकर शराब की दुकान पर पहुंची। यहां महिलाओं ने हंगामा करते हुए कहा कि वह गांव में किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं चलने देंगीं। शराब पीकर पुरुष ही नहीं बल्कि किशोर भी गलत मार्ग पर जा रहे हैं। उनमें भी शराब की लत लगती जा रही है। घरों में शराब के कारण विवाद हो रहे हैं। महिलाओं द्वारा हंगामा किया जाने की सूचना पाकर जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र और गजरौला थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। शराब की दुकान बंद किए जाने की मांग को लेकर हंगामा कर रहीं महिलाओं को समझाने की कोशिश की। मगर महिलाओं ने कुछ नहीं सुना। साफ कह दिया कि वह शराब की दुकान किसी भी कीमत पर नहीं चलने देंगी। देर शाम एसडीएम हसनपुर सुधीर कुमार महिलाओं के बीच पहुंचे। हंगामा रहीं कुसुम, मोनिका, हेमवती, सोना, मुनेश, पारो, सोमेंद्री, बवीता, कमलेश, सीमा,कश्मीरी, शारदा को समझाने की कोशिश की।