UP: बुआ-भतीजी को बाल पकड़कर जमीन पर पटका, छात्रा से किए अभद्र इशारे, विरोध पर परिजनों को लात-घूंसों से पीटा
गजरौला में बुआ-भतीजी के साथ कुछ लोगों ने अभद्रता कर दी। इसका विरोध करने पर परिजनों से जमकर मारपीट भी की गई।पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
गजरौला में बुआ के घर रह कर पढ़ाई कर रही बीए की छात्रा से गलत इशारा करने के विरोध पर दबंगों ने उसके फुफेरे भाइयों से घर में घुसकर मारपीट की। बुआ-भतीजी को बाल पकड़ कर जमीन पर घसीटा। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला की भतीजी बीए की छात्रा है।
वह गजरौला में उन्हीं के घर रह कर पढ़ाई करती है। महिला के घर के पास खाली प्लॉट है। उसका आरोप है कि मोहल्ले के दो सगे भाई प्लॉट में खड़े होकर उसकी भतीजी पर गलत इशारे करते हैं। कॉलेज आते जाते समय अश्लील टिप्पणी करते हैं। महिला व उसके पति ने आरोपियों से शिकायत की तो वह चिढ़ गए।
नौ अप्रैल-24 की रात 11 बजे उसके घर के गेट पर कंकड़ मार रहे थे। जिसका विरोध करने पर दबंगों ने महिला के बेटों के साथ लात घूंसों से मारपीट की। अपने परिजनों को बुला लिया। एकराय होकर घर में घुस आए। लाठी डंडों से लैस दबंगों ने महिला व उसकी भतीजी को जमीन पर गिरा लिया।
बाल पकड़ कर जमीन पर घसीटा। बाहर खड़ीं बाइकों में तोड़फोड़ की। जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। शांति भंग में चालान कर दिया। जिस पर वह एसपी की शरण में गई।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने नीशू व जीशू, सुंदर व उसके भाई अनिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
युवती से छेड़खानी, विरोध पर मारपीट
हसनपुर में घर में घुसकर किशोरी के साथ छेड़खानी की गई। विरोध करने पर मारपीट की। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मोहल्ले के ही एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार है। यह घटना हसनपुर कस्बे के एक मोहल्ले का है। घटना एक मई की है। 20 वर्षीय युवती के परिवार के लोग रिश्तेदारी में एक शादी में शामिल होने गए थे। युवती घर में अकेली थी।
आरोप है कि युवती को अकेले देख एक युवक घर में घुस गया और छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। अगले दिन जब युवती के परिवार के लोग घर पहुंचे तो युवती डरी सहमी हुई थी। दो दिन तक युवती ने परिवार के लोगों से कुछ नहीं बताया।
डरी सहमी होने का जब परिवार के लोगों ने कारण पूछता तो युवती ने पूरी बात बताई। शुक्रवार की शाम को परिजन पीड़िता को साथ लेकर कोतवाली पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया मामले में तहरीर के आधार पर मोहल्ले के ही आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।