फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Amroha News ›   To avoid POCSO, the rape accused got the TC made by showing the victim as an adult

Amroha News: पॉक्सो से बचने को दुष्कर्म के आरोपी ने पीडि़ता को बालिग दिखाकर बनवाई टीसी

Wed, 22 Jan 2025 02:12 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा Updated Wed, 22 Jan 2025 02:12 AM IST
विज्ञापन
To avoid POCSO, the rape accused got the TC made by showing the victim as an adult
अमरोहा।
विज्ञापन

मंडी धनौरा के एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य ने आरोपी को बचाने के लिए दुष्कर्म पीडि़ता को नाबालिग से बालिग बना दिया। आरोपी ने कोर्ट में फर्जी टीसी पेश की तो पीडि़ता के परिजनों को इसकी जानकारी हुई।

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने डॉ. आंबेडकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुनगढ़ माफी के अज्ञात प्रधानाचार्य व दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कानून के जानकार बता रहे हैं कि दुष्कर्म पीडि़ता को बालिग साबित करने से आरोपी को सिर्फ पॉक्सो से राहत मिल सकती है।
विज्ञापन


डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की नाबालिग भतीजी को गांव का ही हितेश कुमार बहला-फुसलाकर ले गया था। मामले में हितेश के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने आरोपी हितेश को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। फिलहाल यह मुकदमा अपर सत्र न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथम की अदालत में विचाराधीन है। वहीं, जमानत पर छूटे दुष्कर्म के आरोपी हितेश ने गांव से करीब 60 किलोमीटर दूर मंडी धनौरा के डॉ. आंबेडकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुनगढ़ माफी के प्रधानाचार्य के साथ मिलकर पीड़िता की फर्जी टीसी बनवा ली, जिसमें किशोरी की आयु में बदलाव कर उसे बालिग कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसके बाद आरोपी ने फर्जी टीसी को कोर्ट में दाखिल कर दिया। जबकि, दुष्कर्म पीड़िता शुरुआत से ही दूसरे गांव के एक जूनियर हाईस्कूल में पढ़ी थी। दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने उसकी हाईस्कूल की असली टीसी कोर्ट में दाखिल की, तो मामला संज्ञान में आया। इस पर पीड़िता के परिजनों के होश उड़ गए। सीजेएम ने प्रकरण को गंभीरता से लेकर डिडौली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए।

उधर, डॉ. आंबेडकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुनगढ़ के प्रधानाचार्य का कहना है कि उन्होंने कोई नियम विरुद्ध कार्य नहीं किया है। टीसी फर्जी नहीं है, उनके पास सभी रिकॉर्ड है।
यह था पूरा मामला

डिडौली क्षेत्र के गांव में रहने वाले किसान की मौत हो चुकी है। उनकी पत्नी गांव के अड्डे पर पकौड़ी की दुकान चलाकर परिवार का पालन पोषण करती है। 29 अप्रैल 2022 की रात 11 बजे गांव का ही रहने वाला हितेश उनकी साढ़े 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया था। मामले में किशोरी की मां की शिकायत पर एक मई 2022 को डिडौली पुलिस ने आरोपी हितेश और उसके संभल जनपद निवासी तीन दोस्त योगेंद्र, विपिन, मुकेश के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था। उसके बयानों के आधार पर हितेश के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी की गई थी।
हसनपुर में भी हुई थी फर्जी टीसी की घटना

अमरोहा। कहावत है कि एक झूठ को छिपाने के लिए दस झूठ बोलने पड़ते हैं। फिर भी सच नहीं छिपता। यह लाइनें दुष्कर्म के आरोपी हितेश पर सटीक बैठी हैं। क्योंकि, हितेश ने पहले किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और इस अपराध से बचने के लिए अब उसने पीड़िता की फर्जी टीसी बनवा ली। ऐसा ही एक मामला हसनपुर में सामने आया था। यहां भी दुष्कर्म के आरोपी ने नाबालिग पीड़िता को बालिग साबित करने के लिए फर्जी टीसी बनवाकर कोर्ट में दाखिल कर दी। जबकि, दुष्कर्म पीड़िता अनपढ़ थी। दोनों ही प्रकरण में सच्चाई सामने आई तो आरोपी और टीसी बनाने वाले प्रधानाचार्यों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
17 दिन बाद भी पूरी नहीं हो सकी फर्जी टीसी मामले की जांच
हसनपुर।
दुष्कर्म पीड़िता की फर्जी टीसी मामले की जांच 17 दिन बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। मामले में स्कूल प्रधानाचार्य समेत दो पर केस भी दर्ज किया गया था। कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने चार जनवरी को हसनपुर संपूर्ण समाधान में डीएम को प्रार्थनापत्र देकर नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म के आरोपी को बचाने के लिए पीड़िता की कक्षा आठ की फर्जी टीसी बनवाने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी हसनपुर उदयवीर सिंह को सौंपी थी, लेकिन हैरानी की बात ये है कि 17 दिन बीत जाने के बाद भी मामले की जांच पूरी नहीं हो सकी है। मामले में सैदनगली क्षेत्र गांव भटौला शर्की स्थित महाराज शूरसेन जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य रामस्वरूप और दुष्कर्म के आरोपी के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। खंड शिक्षा अधिकारी हसनपुर उदयवीर सिंह का कहना है कि कई बार विद्यालय जाना हुआ, लेकिन विद्यालय में कोई नहीं मिला। विद्यालय के अभिलेखों की जांच नहीं हो सकी है।

- मामले में दुष्कर्म के आरोपी हितेश और डॉ. आंबेडकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुनगढ़ के अज्ञात प्रधानाचार्य के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अरुण कुमार, सीओ सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article