मंडी धनौरा (अमरोहा)। थाना पुलिस ने झपटटामार गैंग के तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइकें, तीन तमंचे और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। माना जा रहा है कि मोबाइल फोन भी लूटे गए हैं। तीनों को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए तीनों लुटेरे जनपद बिजनौर की चांदपुर कोतवाली के गांव शेखपुरी चौहड़ के निवासी हैं।
रविवार को थाने में सीओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार की देर रात मोंटी, हरिराज और राहुल को चुचैला कलां नहर के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन बाइकें बरामद की गई। तीनों को कब्जे में लेकर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से तीन तमंचे और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। तीनों को थाने लाकर पूछताछ की गई। तीनों ने पूछताछ में बताया कि तीनों बाइकें चोरी की हैं और क्षेत्र में बाइक बेचने के लिए आ रहे थे। मोबाइल फोन के बिल आदि भी नहीं दिखा पाए। माना जा रहा है कि मोबाइल फोन भी लूटे हुए हैं। सीओ ने बताया कि मोंटी के खिलाफ थाना चांदपुर में लूट के अलावा घर में घुसकर बलात्कार किए जाने का मुकदमा पंजीकृत हैं। हरिराज और राहुल के खिलाफ भी किरतपुर थाने में कई मुकदमें दर्ज हैं। तीनों शातिर लुटेरें हैं और झपटटा मारकर सोने की चेन व मोबाइल फोन आदि लूटने की घटना को अंजाम देते हैं। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह, ब्रजेश कुमार, रोहताश कुमार, रमेश चंद, मोनू प्रताप आदि मौजूद थे।