शमी को अब भी यकीन मान जाएगी हसीन
लगातार आरोपों के बाउंसर झेल रहे क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उसके परिवार के लोगों को अब भी यकीन है कि हसीन जहां मान जाएगी। जिंदगी सब कुछ पहले जैसा ठीक और अच्छा हो जाएगा। टूटते परिवार को बचाने के लिए रिश्तेदार शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। जहां शमी की पत्नी हसीन जहां के परिजनों से मिले। दोनों परिवारों के बीच बातचीत कितनी कामयाब रही, यह अभी पता नहीं चल पाया है।
क्रिकेटर मोहम्मद शमी के रिश्तेदार दोनों परिवारों को जोड़ने में जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को शमी ने अपने रिश्तेदारों के सामने अपनी पूरी बात रखी। वहीं, फोन पर हसीन जहां के परिजनों से भी संपर्क किया गया। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे क्रिकेटर मोहम्मद शमी अपने रिश्तेदारों के साथ गांव सहसपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। बताया जाता है कि शमी खुद दिल्ली में रुक गए, जबकि रिश्तेदारों को कोलकाता रवाना कर दिया गया, जो कोलकाता में हसीन जहां के रिश्तेदारों और परिजनों से मिले। वहीं, शमी दिल्ली में कानूनी राय मशविरा लेने में लगे रहे।
मोहम्मद भाई और पाकिस्तानी लड़की के जिक्र ने मामले को रहस्यमय बनाया
मुरादाबाद। पत्नी हसीन जहां ने कई आरोप शमी पर लगाए हैं। बयान वाले वीडियो में शमी किसी मोहम्मद भाई और पाकिस्तानी लड़की के बारे में सफाई देते नजर आते हैं। मोहम्मद भाई और पाकिस्तानी लड़की पर हसीन जहां के गंभीर आरोप हैं। मोहम्मद शमी इस वीडियो में बहुत कुछ साफ करते नजर नहीं रहे।
मोहम्मद भाई के बारे में शमी सिर्फ यही कहते हुए नजर आ रहे हैं कि शमी भाई बहुत अच्छी फेमिली के हैं और उन्हें टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी जानते हैं। लेकिन पाकिस्तानी लड़की के बारे में तो शमी पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। वह सफाई में सिर्फ इतना कह रहे हैं कि पैसे के लेन-देन से उस लड़की का कोई संबंध नहीं है। फिलहाल इन दो नामों से शमी प्रकरण बुरी तरह उलझ गया है।
शमी ने पैतृक गांव में काटी रात
अमरोहा। क्रिकेटर मोहम्मद शमी की गुरुवार की रात पैतृक गांव सहसपुर में गुजरी। जहां शमी रिश्तेदारों के बीच रहे और उनसे अपनी परेशानी साझा की। इससे पहले बुधवार की देर रात वह धर्मशाला से अपने गांव पहुंचे थे। लेकिन, रात में ही गांव से चले गए थे। मियां बीवी के बढ़ते विवाद को देखते हुए शमी के गांव सहसपुर में नजदीक के रिश्तेदार पहुंचने लगे हैं। बहन, मौसी सहित दूसरे रिश्तेदार शमी की मां अंजुम आरा से मिलने पहुंचे।