हसनपुर (अमरोहा)। घरेलू गैस के प्रति सिलिंडर पर हुई 144.5 की बढ़ोतरी के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। सपाइयों ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जनविरोधी बताया। कहा कि सरकार ने रसोई गैस सिलिंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी करके गरीबों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा दिया। जिससे लोगों को परेशान हो रही है। सरकार को चाहिए कि बढ़े दामों को वापस लें।
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सपाई एसडीम कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान युवजन सभा के जिलाध्यक्ष फैसल अल्वी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से लगातार रसोई गैस डीजल पेट्रोल और अन्य जरूरतों के सामानों की कीमत में बढ़ोतरी की जा रही है। हाल ही में रसोई गैस की कीमत में 144.5 रुपये की बेतहाशा बढ़ोतरी की गई है। संदीप गुर्जर उर्फ बबलू ने कहा कि इससे गरीबों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। लगभग एक हजार रुपये का घरेलू सिलिंडर के दाम होने से गरीब जनता परेशान है। जनता इसका बोझ झेलने के लिए सक्षम नहीं है। सरकार ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के नाम पर कनेक्शन तो दिए, लेकिन अब गैस के दामों में बढ़ोतरी कर उन्हें वापस मिट्टी का चूल्हा जलाने को मजबूर किया जा रहा है। इसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। मांग की जाती है कि शीघ्र ही रसोई गैस की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को वापस लिया जाए। पुराने मूल्य पर रसोई गैस उपलब्ध कराई जाए। पेट्रोल-डीजल की कीमतों को भी कम किया जाए। करीब दो घंटे तक सपाई धरने पर बैठे रहे। आरिफ अख्तर, सभासद शाहनवाज अंसारी, अरुण कपासिया, अरविंद कसाना, यशवीर नागर, हेमराज गुर्जर, कासिम मकरानी, इरफान अहमद, नगर अध्यक्ष यूसुफ कुरैशी, बदर कुरैशी, अंशु त्यागी, रूबी कौसर, गोलू त्यागी, जुनैद मेंबर, नफीस उम्मत, समीर चौधरी, दिलशाद गनी, मारूफ, समीर चौधरी रहे।