भागकर की थी शादी: माशूका से बेगम बनी लड़की का दो माह में तलाक, पहाड़ों पर घूमने की जिद से तंग शौहर ने छोड़ा
एक सप्ताह पहले पत्नी के तानों को सुनकर युवक ने गुस्से में तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। पति के इस फैसले के बाद युवती मायके पहुंची तो परिवार के लोगों ने भी घर का दरवाजा बंद कर लिया।
विस्तार
प्रेमिका से पत्नी बनी युवती की शादी दो महीने भी टिक नहीं पाई। हिल स्टेशन पर जाने की जिद्द से परेशान पति ने युवती को तीन तलाक दे दिया। युवती न तो मायके जा सकी और न ही सुसराल। एक रिश्तेदार के घर पर रह रही है। फैसले के प्रयास के चलते कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मामला अमरोहा के एक मोहल्ले का है। यहां रहने वाला एक व्यक्ति दिल्ली की एक फैक्टरी में नौकरी करता है। मंझली बेटी का बीते तीन साल से शहर निवासी एक गैर बिरादरी के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक परिजनों को भी लग गई थी।
युवती काफी समय से परिजनों पर प्रेमी के साथ जल्दी शादी कराने का दबाव बना रही थी लेकिन परिजन पहले बड़ी बेटी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे। शादी में देरी होती देख दो महीने पहले उसने घर से भागकर प्रेमी संग शादी रचा ली। बाद में दोनों पक्षों में हुई बातचीत के बाद लोगों ने बिना पुलिस कार्रवाई मामला निपटा दिया था।
पंचायत से ही विदा करते हुए परिजनों ने जीते जी हमेशा के लिए बेटी से रिश्ता खत्म कर लिया था। शादी के एक महीने बाद तक तो दंपती खुश रहे लेकिन आरोप है कि पत्नी की हिल स्टेशन घुमाकर लाने की जिद ने इस रिश्ते में खटास पैदा कर दी।
एक सप्ताह पहले पत्नी के तानों को सुनकर युवक ने गुस्से में तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। पति के इस फैसले के बाद युवती मायके पहुंची तो परिवार के लोगों ने भी घर का दरवाजा बंद कर लिया। फिलहाल, अब उसने एक रिश्तेदार के घर पनाह ले रखी है। फैसले के लिए जुटी पंचायत में दोनों पक्षों के बीच सारी बातचीत तय हो चुकी है। लिहाजा, पुलिस स्तर पर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।