Amroha: ससुराल से लौटते वक्त हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर; हादसे में किसान की मौत
बीती रात सड़क हादसे में संभल के किसान की मौत हो गई। भतीजा गंभीर रुप से अस्पताल में भर्ती है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में ढकिया चमन स्थित नेशनल हाईवे पर हादसा हुआ। किसान भतीजे के साथ नौगांवा सादात के भेड़ा भरतपुर स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे।
विस्तार
शुक्रवार की रात ससुराल से घर लौट रहे संभल के किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
संभल जनपद के असमोली थानाक्षेत्र के गांव शाहपुर डसर में किसान मोहम्मद शरीफ का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे हैं। सबसे छोटा 30 वर्षीय बेटा मोहम्मद गुलाम नबी शादीशुदा था। उनके परिवार में पत्नी इमराना के अलावा दो बेटियां हैं। मोहम्मद गुलाम नबी की ससुराल नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के भेड़ा भरतपुर गांव में है।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मोहम्मद गुलाम नबी शनिवार को अपने भतीजे इबशेरुर के साथ अपनी ससुराल आए थे। रात में करीब 1:30 बजे दोनों चाचा-भतीजे बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डिडौली कोतवाली क्षेत्र में ढकिया चमन स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंची तभी। अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद गुलाम नबी की मौके पर मौत हो गई। जबकि भतीजा इबशेरुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि मोहम्मद गुलाम नबी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ के मुताबिक, मृतक के भाई मोहम्मद उमर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेज और लापरवाही से वाहन चलाकर मृत्यु करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। वाहन का पता लगाकर आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।