Dussehra 2023: अमरोहा में अग्निबाण लगते ही जले रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतले, गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
अमरोहा जिले में विजयीदशमी का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर तक आयोजन की धूम रही। इस बीच पुलिस ने सभी जगहों पर मोर्चा संभाले रखा।
विस्तार
अमरोहा जिले में विजयी दशमी का पूर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर के जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के दशहरा ग्राउंड पर रावण, मेघनाद और कुंभ कर्ण के पुतलों का दहन किया गया। पुतले धू-धूकर जल उठे। वहीं, सतरंगी आतिशबाजी की छटा देखने लायक थी।
वातावरण में श्रीराम के जयकारे गूंज उठे। श्री धार्मिक रामलीला कमेटी की ओर से जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रही रामलीला में मंगलवार को रावण वध लीला का मंचन हुआ। जिसके बाद दोनों सेनाएं मैदान में उतर आईं। राम और रावण के बीच भयंकर युद्ध हुआ।
विभीषण के कहने पर प्रभु राम ने रावण की नाभि में बाण छोड़कर बुराई का अंत कर दिया। इसके बाद पुतला दहन किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी व एसपी कुंवर अनुपम सिंह और पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल ने संयुक्त रूप से अग्निबाण छोड़कर रावण के पुतले का दहन किया।
इससे पहले एडीएम सुरेंद्र सिंह और एएसपी राजीव कुमार ने कुंभकरण के पुतले का दहन किया। वहीं सीओ सिटी विजय कुमार राणा और एसडीएम सदर प्रतिभा सिंह ने अग्निबाण छोड़कर मेघनाद के पुतलों का दहन किया। पुतलों के धू-धूकर जलते ही चारों तरफ श्रीराम के जयकारे गूंज उठे।
इसके बाद नैना आर्ट ग्रुप मुरादाबाद के कलाकारों द्वारा बहुत ही सुंदर व मनमोहक प्रस्तुति देर रात तक दी। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष विशाल गोयल, कमेटी के संरक्षक रमेश कालू, रमेश चंद्र गोयल, रविराज सरन, अनिल टंडन, अजय कुमार, विनोद गुप्ता, विजय शंकर अग्रवाल, महामंत्री शार्दुल अग्रवाल, कुंवर विनीत अग्रवाल, संजीव सैनी आदि मौजूद रहे। मेले की अध्यक्षता नगर पालिका चेयरमैन शशि जैन ने की।
शाम ढलते ही मैदान में जुटी भीड़
दशहरा ग्राउंड पर आयोजित रामलीला मेला शाम ढलते ही गुलजार हो उठा। शहर और आस-पास के क्षेत्रों की महिला पुरुष और युवाओं की भीड़ उमड़ी रही। जहां दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया। वहीं, महिलाओं ने घर गृहस्थी के सामान की खरीदारी की। चाट पकौड़ी खाई।
दूधिया रोशनी में जगमगा उठा रामलीला मैदान
दशहरा ग्राउंड पर चल रही रामलीला में प्रकाश व्यवस्था का उचित प्रबंध किया गया। दशहरा ग्राउंड से लेकर रास्ते पर बिजली की झालर और प्रकाश की व्यवस्था की गई। दूधिया रोशनी में रामलीला ग्राउंड जगमगा उठा।