UP News: अमरोहा के चौसा आम का स्वाद लेंगे दुबई के लोग, भिंडी की मांग भी बढ़ी.. किया गया निर्यात
अमरोहा के चौसा आम की दुबई में भारी मांग है। इसके बाद आम की ढाई टन खेप दुबई के लिए रवाना कर दी गई है। इसके साथ ही तीन सौ किलो भिंडी भी निर्यात की गई है। कारोबारियों का कहना है कि डिमांड बढ़ने के साथ कारोबार भी तेजी आ रही है।
विस्तार
अमरोहा के चौसा आम के साथ भिंडी का स्वाद दुबई की जनता चखेगी। मैंगो पैक हाउस से चौसा आम की ढाई टन खेप दुबई के लिए रवाना कर दी गई। यही नहीं लगातार आ रही मांग के बाद यहां से तीन सौ किलो भिंडी भी भेजी गई है।
डीएम ने हरी झंडी दिखाकर आम व भिंडी लदे वाहनों को रवाना किया। नगर के निर्यातक नदीम सिद्दीकी ने बताया कि अमरोहा का आम विदेशों में अलग पहचान रखता है। हर वर्ष आम के लिए बड़े-बड़े आर्डर आते हैं।
इस बार दुबई से चौसा आम की बहुत डिमांड आ रही थी। साथ ही भिंडी को लेकर भी बड़ा आर्डर मिला था। आम व भिंडी की पैकिंग मैंगो पैक हाउस में की गई थी। रविवार को डीएम राजेश कुमार त्यागी समेत अन्य अधिकारी मैंगो पैक हाउस पहुंचे।
यहां से डीएम ने ढाई टन चौसा आम तथा 300 किलो भिंडी की खेप से लदे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने कहा कि निर्यातकों से कहा कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। यदि उत्पाद उच्च क्वालिटी के होंगे तो अवश्य ही आपके उत्पादों की मांग देश और विदेश में बड़े स्तर पर हो सकेगी।
अपील की कि व्यापारी मंडी समिति में बनाए गए इस मैंगो पैक हाउस का सदुपयोग करें। अपने उत्पादों को अधिक से अधिक निर्यात के लिए तैयार करें। इस अवसर पर सीडीओ अश्विनी कुमार मिश्र, एसडीएम सदर सुधीर कुमार, एसडीएम विभा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
तुरई व करेला की भी आ रही डिमांड
आम के साथ-साथ अमरोहा की सब्जियां का स्वाद विदेशियों को खूब भा रहा है। यहां की हरी मिर्च दुबई के लोगों को खासी पसंद है। मई माह में मिर्च की खेप यहां से रवाना हुई थी।
निर्यातक नदीम सिद्दीकी ने बताया कि दुबई से लगातार तुरई और करेला की मांग की जा रही है। यही नहीं कई आर्डर मिल भी चुके हैं। बताया कि जल्द ही इनकी खेप भी दुबई भेजी जाएगी।