अमरोहा। जिले में शुक्रवार को कोरोना के 16 केस मिले हैं। इसमें महिला कांस्टेबल और जोया में एक परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। छह लोग पहले से संक्रमित मरीज के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं। बढ़ते कोरोना संक्रमण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 800 हो गई है। जबकि 248 केस एक्टिव चल रहे हैं। तीन मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है।
शुक्रवार को नोएडा, लखनऊ और मेरठ लैबों से प्रतीक्षारत सैंपलों की रिपोर्ट नहीं आई। जिलेभर में रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से 934 लोगों की जांच कराई गई। इसमें ग्यारह लोग की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। जबकि जिला अस्पताल में ट्रूनेट मशीन से 33 लोगों की जांच कराई गई। इसमें जोया में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित पाए गए। जबकि एक मरीज निजी लैब की जांच में पॉजिटिव आया है। एंटीजन और ट्रूनेट वाले सभी मरीजों के सैंपल दोबारा जांच के लिए भेजे गए हैं। सीएमओ डॉ. मेघ सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कुल 16 कोरोना के नए केस सामने आए हैं। अब संक्रमित मरीजों की संख्या 800 हो गई है। जबकि 249 मरीज एक्टिव चल रहे है। वहीं स्वस्थ्य होने के बाद तीन कोरोना मरीजों को कोविड अस्पताल के डिस्चार्ज किया गया है। शुक्रवार तक 33248 लोगों की जांच कराई जा चुकी है। इसमें 32018 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। कुल 1230 लोगों की सैंपल रिपोर्ट आना बाकी है।