घर वाले नहर किनारे कर रहे इंतजार: दोस्तों संग नहाने गया था राजा, प्रिंस और हिमांशु चिल्लाते रहे और वो डूब गया
दोस्तों के साथ रामगंगा पोषक नहर में नहाने पहुंचा कक्षा 10 का छात्र गहरे पानी में डूब गया। गोताखोर और एसडीआरएफ की टीमें उसे तलाशने में जुटी हैं। दूसरे दिन भी छात्र का पता नहीं चलने पर परिजन परेशान हैं। सकुशल मिलने की आस में नहर किनारे बैठे रहे।
जनपद बिजनौर के थाना शिवाला कलां क्षेत्र के गांव मुरहाट में किसान वीरेश कुमार का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी वीरपाली के अलावा दो बेटे हैं। बड़ा बेटा केपी बीए का छात्र है। जबकि छोटा बेटा राजा मुरहाट स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र है।
गुरुवार शाम राजा अपने दो दोस्त प्रिंस और हिमांशु के साथ नौगांवा सादात क्षेत्र के सिकरिया के पुल पर रामगंगा पोषक नहर में नहाने के लिए आया था। नहाते समय अचानक राजा गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोनों दोस्तों ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय युवक उसे तलाशने के लिए नहर में उतर गए लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलते ही राजा के परिजन और पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने गोताखोरों को मौके पर बुला लिया। काफी तलाश करने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। जिसके बाद से गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम छात्र को तलाशने में जुटी हैं। नहर में कई जगह जाल भी लगाया। लेकिन शुक्रवार की शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। छात्र के सकुशल मिलने की आस में परिजन नहर किनारे बैठे रहे। सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया कि छात्र की तलाश जारी है। वहीं छात्र के परिजन परेशान हैं।