अमरोहा। निकाय चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ही कार्य किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शुक्रवार को डीएम बीके त्रिपाठी, एसपी आदित्य लांग्हे ने नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के दृष्टिगत राजकीय इंटर कॉलेज व विकास खंड कार्यालय जोया में चल रही नामांकन प्रक्रिया के मौके पर जाकर जायजा लिया। डीएम ने स्वयं राजकीय इंटर कॉलेज में कंप्यूटर चला कर नामांकन पत्रों के अपलोडिंग के कार्य को देखा। कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ही कार्य किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जानी चाहिए। कोविड-19 हेल्प डेस्क को भी देखा और खांसी, जुकाम, बुखार, उल्टी दस्त सहित आवश्यक दवाओं के संबंध में डॉ से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विकास खंड कार्यालय जोया में चल रही नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया और नामांकन पत्रों के आवश्यक दस्तावेजों को देख कर संबंधित को निर्देशित किया। कहा कि भीड़ इकट्ठा नहीं होनी चाहिए, शांति व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। किसी को भी नामांकन पत्र लेने और जमा करने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। चेक प्वाइंट पर गंभीरता के साथ चेकिंग किया जाए। कोई भी अराजक तत्व अंदर नहीं जाना चाहिए। इस दौरान खंड विकास अधिकारी जोया,तहसीलदार सदर भूपेंद्र सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।