अमरोहा: बोरा-बोरी गांव में गुड़ कारोबारी और किसान के घरों में 10 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के बोरा-बोरी गांव में गुड़ कारोबारी और किसान के घर में बुधवार रात लाखों की चोरी हुई। गुरुवार तड़के आंख खुलने पर घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
विस्तार
बेखौफ चोरों ने बुधवार रात पूरे गांव में उत्पाद मचाया। गुड़ कारोबारी और किसान के घर को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी-जेवरात समेत दस लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी गुरुवार तड़के घरवारों के जागने पर हुई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ितों ने घटना की तहरीर दे दी है।
यह घटना नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के बोरा-बोरी गांव की है। यहां पर गुड़ कारोबारी मोहम्मद निसार खान का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। बड़ा बेटा मोहम्मद अफसर सऊदी अरब में नौकरी करता है। जबकि छोटा बेटा मोईन खान बीए का छात्र है। मोहम्मद अफसर की पत्नी और एक बेटी भी है। बुधवार की रात परिवार के सभी सदस्य कमरों के बाहर आंगन में सो रहे थे।
तहरीर के अनुसार, रात में किसी समय चोर दीवार फांद कर घर में दाखिल हो गए और मोहम्मद अफसर के कमरे में घुसकर 40 हजार रुपये की नगदी, नौ तोला सोना और एक किलो चांदी चोरी कर ली। जबकि दूसरी घटना पड़ोस में ही रहने वाले किसान मोहम्मद हनीफ के घर में हुई।
पेशे से किसान हनीफ के परिवार में पांच बेटे हैं। बड़ा बेटा जुबेर सऊदी अरब में रहता है। तीन महीने पहले ही वह सऊदी अरब से घर आया था। दो महीने बाद जुबेर अपने भाई निसार को लेकर वापस सऊदी अरब जाने वाला था। फिलहाल दोनों भाई वीजा तैयार करा रहे है। इसके लिए उन्होंने दो दिन पहले ही भैंस बेची थी।
चार तोला सोना और एक किग्रा चांदी भी ले गए
यहां भी चोर दीवार फांद कर घर में घुस आए और जुबेर के कमरे में घुसकर 72 हजार रुपये की नकदी, चार तोला सोना और एक किलो चांदी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी गुरुवार की तड़के करीब चार बजे हुई।
घटना से दोनों परिवारों के सदस्यों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ विजय कुमार राणा ने भी मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। दोनों पीड़ित परिवारों ने घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
घटना का मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा।
- विजय कुमार राणा, सीओ सिटी