अमरोहा: कैंटर चालक से 3.30 लाख रुपयों से भरा थैला लूटकर बाइक सवार बदमाश फरार, नगर कोतवाली क्षेत्र के चुना भट्टी की घटना
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के पंजू सराय निवासी चालक रिहान ने अमरोहा के मुल्लाना निवासी आसिफ से कैंटर गाड़ी खरीदी थी। पांच लाख रुपए में कैंटर का सौदा तय हुआ था। इस दौरान रिहान ने 85 हजार रुपए मालिक को दे दिए थे।
विस्तार
कैंटर खरीदने आए चालक से बाइक सवार बदमाश 3.30 लाख रुपयों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी छानबीन के बाद भी लुटेरे हत्थे नहीं चढ़ सके। पीड़ित ने तहरीर दे दी है।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुना भट्टी स्थित बिजनोर रोड की है। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के पंजू सराय निवासी चालक रिहान ने अमरोहा के मुल्लाना निवासी आसिफ से कैंटर गाड़ी खरीदी थी। पांच लाख रुपए में कैंटर का सौदा तय हुआ था। इस दौरान रिहान ने 85 हजार रुपए मालिक को दे दिए थे।
नौगांवा सादात की तरफ भाग गए बदमाश
आरोप है कि रिहान शुक्रवार की शाम बकाया रुपए लेकर कैंटर लेने अमरोहा आया था। नौगांवा सादात रोड स्थित चुना भट्टी के पास मालिक कैंटर लेकर खड़ा था। लेकिन, रुपए कम होने की वजह से मलिक ने गाड़ी देने से इनकार कर दिया। लिहाजा देर शाम रिहान रुपए से भरा थैला लेकर घर लौट रहा था। तभी बाइक सवार बदमाश 3.30 लाख रुपए से भरा थैला लूटकर नौगांवा सादात की तरफ फरार हो गए।
रिहान के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने काफी छानबीन की, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़े सके। पीड़ित रिहान ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।