गौरीगंज (अमेठी)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी। पहले दिन वह कलेक्ट्रेट में दिशा की बैठक में शामिल होने के अलावा स्मृति कई निजी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि स्मृति ईरानी 11 व 12 मार्च को कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। 11 मार्च की सुबह स्मृति हवाई जहाज से लखनऊ पहुंचेंगी। लखनऊ से वे सड़क मार्ग से हैदरगढ़-जगदीशपुर होते हुए गौरीगंज के पूर्व विधायक तेजभान सिंह के गांव अचलपुर पहुंचेंगी। कुछ दिन पहले ही उनकी बहू का निधन हुआ था। तेजभान के यहां शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद वे गौरीगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्व. जय नारायण तिवारी के घर जाएंगी। यहां से निकलकर दोपहर एक बजे केंद्रीय मंत्री इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज में नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी के आवास मिश्रौली, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह के आवास मऊ व भाजपा जिला उपाध्यक्ष भवानीदत्त दीक्षित के आवास पीढ़ी पहुंचकर विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देगी। एचएएल कोरवा के गेस्ट हाउस में रात्रि निवास के बाद 12 मार्च की सुबह वे जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर चार कठौरा में नवनिर्मित महिला पुलिस पिंक बूथ का सवा दस बजे उद्घाटन करेंगी। जगदीशपुर के शक्ति केंद्र गढ़ा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आयोजित संगोष्ठी में हिस्सा लेंगी। रंगवा घाट मटियारी कलां में गोमती नदी पर नवनिर्मित पीपा पुल का उद्घाटन करने के बाद केंद्रीय मंत्री लखनऊ जाएंगी।