अमेठी सिटी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने अपने दो दिवसीय भ्रमण के पहले दिन बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज का निरीक्षण किया। यहां आरओ वाटर कूलर खराब मिलने पर उन्होंने नया कूलर लगाने और समाप्ति तिथि पार कर चुके अग्निशमन यंत्रों को बदलवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत पांच नवजात बालिकाओं के अभिभावकों को बेबी किट दी और बालिकाओं की शिक्षा व स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील की। निरीक्षण के उपरांत वह विशुनदासपुर गांव पहुंचीं और कृषक बद्री विशाल के खेत में धान की रोपाई की। उन्होंने कृषि में महिलाओं की भागीदारी को सराहा। तहसील सभागार गौरीगंज में उन्होंने महिला उत्पीड़न के मामलों की जनसुनवाई की। 14 महिलाओं ने शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के अंत में उन्होंने तहसील परिसर में अर्जुन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रीति तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी समेत कई अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी व ग्रामीण मौजूद रहे।