{"_id":"582f457f4f1c1bcc5e8fdeda","slug":"withdrawal-disrupted-throughout-the-day-at-20-bank-branches","type":"story","status":"publish","title_hn":"20 बैंक शाखाओं में पूरे दिन धन-निकासी ठप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
20 बैंक शाखाओं में पूरे दिन धन-निकासी ठप
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Fri, 18 Nov 2016 11:46 PM IST
विज्ञापन
अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय के पीएनबी में धन-निकासी व जमा करने के लिए कतार में लगे उपभोक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धनाभाव के संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए शुक्रवार का दिन और भी ज्यादा मुसीबत वाला साबित हुआ। पंजाब नेशनल बैंक व बड़ौदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की 20 शाखाओं में लगभग पूरे दिन धन-निकासी नहीं हो पाई। अन्य बैंकों की शहरी व ग्रामीण शाखाओं में भी एक बार में 24 हजार तक की रकम नहीं निकल पाई।
विज्ञापन
कैश के इंतजार में तमाम बैंक शाखाओं के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन घंटों लगी रही। एटीएम सेवाओं ने शुक्रवार को भी साथ नहीं दिया। पुराने बड़े नोट पर बैन के बाद से आम लोगों की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही हैं। दो हजार के नए नोट जैसे-तैसे मिल भी रहे हैं तो उसका फुटकर हो पाना बड़ी चुनौती बन गया है।
विज्ञापन
कारण यह कि बाजार में 100, 50 व 20 के नोटों की भी किल्लत उत्पन्न हो गई है। चारों तरफ धनाभाव को लेकर आम लोगों में चिंता व बेचैनी का माहौल है। तमाम जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। एक सप्ताह में आम लोगों को खाते से 24 हजार रुपये की निकासी करने की जो सुविधा दी गई है, वह एक बार में नहीं मिल पा रही। इस बीच शुक्रवार को स्थिति और बिगड़ गई।
विज्ञापन
जिले की 20 से अधिक बैंक शाखाओं में लगभग पूरे दिन पैसा नहीं मिल पाया। अमर उजाला टीम ने शाम चार बजे जिला मुख्यालय स्थित पीएनबी की मुख्य शाखा का दौरा किया तो वहां मौजूद लोगों ने बताया कि वे सब सुबह आठ बजे से ही लाइन में लगे हैं। रकम आने का भरोसा दिलाया जा रहा है लेकिन आठ घंटे बाद भी भुगतान शुरू नहीं हो पाया है।
बैंक ऑफ बड़ौदा की क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखाओं की हालत यह है कि दो से तीन दिन तक लगातार शाखा को पैसा ही नहीं मिल पा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी का माहौल है। कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार बाजार स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में चार दिन से पैसे की निकासी नहीं हो सकी है।
उपभोक्ता संदीप गुप्त, रामपूजन व सियाराम आदि ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बैंकों को अब तक करेंसी न उपलब्ध करा पाना बड़ी चिंता का विषय है। बड़ौदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की मरथुआ सरैया व केदारनगर शाखा में भी शुक्रवार को धन-निकासी नहीं हो पाई। यहां पूरे दिन उपभोक्ता लाइन लगाकर खड़े रहे लेकिन दोपहर तक उनके हाथ मायूसी ही लगी।
जलालपुर में बड़ौदा ग्रामीण बैंक की कासिमपुर कर्बला शाखा में पूरे दिन धनाभाव के चलते भुगतान नहीं हो पाया। बैंक की पट्टी शाखा में दोपहर 12 बजे के बाद कैश समाप्त होने से लोगों को मायूस होना पड़ा। पीएनबी की जलालपुर शाखा में भी पूरे दिन धनाभाव का संकट बना रहा।
यहां भुगतान को आए लोगों को निराश हो लौटना पड़ा। भीटी, टांडा व आलापुर प्रतिनिधियों के अनुसार क्षेत्र के कई बैंकों में दिन भर भुगतान न हो पाने की स्थिति बनी रही। उधर इसके अलावा जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लगभग सभी बैंक शाखाओं में नियमानुसार एक बार में 24 हजार तक का भुगतान हो जाने के निर्देश का पालन आमतौर पर नहीं हो पाया।
कहीं दो तो कहीं पांच हजार देकर ही ज्यादातर लोगों को वापस लौटा दिया गया। एलडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुचारु ढंग से भुगतान के लिए आवश्यक प्रयास चल रहे हैं। बैंकों में धन की पर्याप्त उपलब्धता जल्द ही सुनिश्चित होगी। उपभोक्ताओं को जरूरत के अनुरूप ही धन-निकासी का प्रयास करना चाहिए।