फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   They are making equations for power, we are doing development

वे सत्ता के लिए बना रहे समीकरण, हम कर रहे विकास

Thu, 09 Dec 2021 11:48 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Thu, 09 Dec 2021 11:48 PM IST
विज्ञापन
They are making equations for power, we are doing development
अंबेडकरनगर के जलालपुर में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने बृहस्पतिवार को जिले के लिए 50 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता लूट व अराजकता के लिए किसी और को सत्ता सौंपने वाली नहीं है। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के लिए कुछ लोग जाति का समीकरण बनाने में जुटे हैं, लेकिन हम सब सबका, सबका विकास करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता का मूड भांपकर कुछ लोग मौसमी रामभक्त बन गये हैं। इसके बावजूद वे अपनी मंशा में कामयाब होने वाले नहीं हैं, क्योंकि उनके मन में कुछ और, जबकि सामने कुछ और होता है।
विज्ञापन

नगर के एनडी इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर बाद पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि पहले यह जिला पूर्ववर्ती सरकारों की प्राथमिकता में नहीं था। अब मौजूदा सरकार इस जिले में तेजी से विकास के कार्य करा रही है। सभी लोगों को एक समान लाभ मिल रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि हम जाति व संप्रदाय की राजनीति नहीं कर रहे हैं। वे दूसरे दल हैं, जो सिर्फ जाति व संप्रदाय के नाम पर जोड़तोड़ में लगे रहते हैं। विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि वे सिर्फ सत्ता के लिए परेशान हैं। कोरोना संक्रमण के दौर में जनता को जब मदद की जरूरत थी, तो सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ता ही घर-घर दवा, राशन व अन्य जरूरी मदद पहुंचा रहे थे। अन्य दलों के नेता व कार्यकर्ता घरों में कैद होकर रह गए थे।
विज्ञापन

इस मौके पर पार्टी के क्षेत्रीय मंत्री त्रयंबक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, टांडा विधायक संजू देवी, आलापुर विधायक अनीता कमल, अकबरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता, जलालपुर प्रभारी गोकरन द्विवेदी, जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता रमाशंकर सिंह, डॉ. राजितराम त्रिपाठी, रामप्रकाश यादव, रजनीश सिंह, ज्ञानसागर सिंह, त्रिवेणीराम, कपिलदेव वर्मा, विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू, दिनेश पांडेय, छोटे पांडेय आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

झंडे व निशान अलग लेकिन एजेंडा एक
विपक्षी दलों पर हमला जारी रखते हुए कहा कि उनके चुनाव निशान, झंडे व दल भले ही अलग हों, लेकिन उनके दिल व एजेंडा एक है। उनका मकसद अराजकता व लूट के लिए सत्ता पाना है। जनता सब देख व समझ रही है। यूपी में आने वाला चुनाव एक बड़ा यज्ञ है। जनता इस यज्ञ को व्यर्थ नहीं जाने देगी। ऐसी ताकतों को बेनकाब करेगी, जिन्हें जनता के हितों की परवाह की बजाए सिर्फ सत्ता की चाह है।
कई मौसमी भक्त भी आ गये हैं सामने
डिप्टी सीएम ने प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले तमाम क्षेत्रों में शाम होते ही महिलाएं घर से निकलना बंद कर देती थीं। रामलीला, कांवड़ यात्रा तथा दीपावली व होली जैसे मौकों पर कर्फ्यू लग जाता था। बीते पांच वर्षों में अब एक भी दंगा नहीं हुआ है। अयोध्या में अब दीपावली का उल्लास पूरा विश्व देख रहा है। कांवड़ियों पर अब फूलों की वर्षा होने लगी है। जो लोग भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वे अब मौसमी रामभक्त बन गए हैं। जनता को ऐसे लोगों से पूछना चाहिए कि रामलाल का दर्शन करने में क्या दिक्कत है। अब वे हनुमान चालीसा से लेकर भगवान राम तक का सहारा लेने को आतुर हैं। इसके बावजूद उनकी मंशा कामयाब नहीं होगी, क्योंकि रामभक्तों को मालूम है कि ऐसे नेताओं व राजनीतिक दलों के मन में कुछ और है, जबकि बाहर कुछ और दिखा रहे हैं।
अब नहीं दिखता कहीं भी माफियाराज
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी में पहले माफियाराज था। चेहरे पर बड़े काले चश्मे व बड़ी-बड़ी गाड़ियों से असलहों के साथ माफिया जहां-तहां दिखाई पड़ते थे। कभी वे थानों से बेरोकटोक आते जाते, तो कभी आम लोगों पर अत्याचार करते दिखते। ऐसे माफियाओं को देख पुलिस प्रशासन भी मौन रहता, क्योंकि उनमें से तमाम को सत्ता का संरक्षण मिला होता था। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में किसी की हिम्मत नहीं है कि वह माफियागीरी कर सके। पहले माफिया जबरन जमीन पर कब्जा कर लेते थे। किसी के भी घर पर मकान बिकाऊ है का बोर्ड लगाकर कब्जा हो जाता था। महिलाओं की सुरक्षा व उनका मानसम्मान तय करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने एंटी रोमियो टीम बनाया। इससे महिलाओं की सुरक्षा सभी क्षेत्रों में तय हो रही है। माफियाओं को अब कहीं भी सिर उठाने की हिम्मत नहीं हो रही है। इससे आम नागरिक सुकून में है। वह यह कतई नहीं चाहेगा कि प्रदेश में कोई ऐसी सरकार फिर से आए, जिससे इन माफिया को एक बार फिर से मनमानी व दबंगई करने का मौका मिल सके।
युवाओं को आसानी से मिल रही नौकरी
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में अब युवाओं को आसानी से नौकरी मिल रही है। शिक्षकों से लेकर अन्य विभागों में जिस तरह से कर्मचारियों की नियुक्ति की गई, उसमें कहीं भी किसी अभ्यर्थी को शोषण का शिकार नहीं होना पड़ा। नौकरी के नाम पर वसूली की एक भी शिकायत सामने नहीं आई जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में इसके लिए बाकायदा बोली लगा करती थी। कहा कि हमने बड़े पैमाने पर युवाओं का संविदा की नौकरी देकर उनकी रोजी-रोटी का प्रबंध यिका। युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराए जा रहे। उन्हें जरूरी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे अपनी प्रगति करने के साथ साथ प्रदेश व देश की प्रगति में योगदान दे सकें।
10 लाभार्थियों को दी आवास की चाबी
जलालपुर स्थित नरेंद्रदेव इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित जनसभा के दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने 5 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवासीय योजना ग्रामीण तथा 5 को मुख्यमंत्री आवासीय योजना के आवास की चाबी सौंपी। जिन पांच लोगों को पीएम आवास योजना के तहत आवास की चाबी दी गई, उनमें राजपत्ती देवी, श्यामलाल, सीता देवी, ज्ञानमती, गीता देवी, जबकि सीएम आवासीय योजना के लिए कंचन, आशा देवी, सुमन, किसमत्ती व सुनीता देवी शामिल की गईं। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि लोगों को पीएम व सीएम आवा योजना का बड़े पैमाने पर लाभ मिल रहा है। आर्थिक रूप से कमजोरों का पक्के आवास में रहने का सपना पूरा हो रहा है। यह सिर्फ भाजपा सरकार में ही संभव है। बताया कि जिले में बड़े पैमाने पर शहर व गांव के कमजोर वर्ग से जुड़े पात्रों को रहने के लिए पक्का घर मिल रहा है। यह सब सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों व सकारात्मक सोच के चलते हो पा रहा है। भाजपा ने आम नागरिकों का दर्द महसूस किया है। सिर्फ भाजपा को ही आम नागरिकों के सुख-दुख की परवाह रहती है। इसीलिए बड़े पैमाने पर जरूरतमंदों को पहली बार पक्का घर इस ढंग से नसीब हो रहा है।
छह पात्रों को मिला पारिवारिक योजना का लाभ
पति के निधन के बाद विधवा को पारिवारिक योजना के छह पात्रों को कार्यक्रम के दौरान योजना का लाभ दिया गया। इन महिलाओं को योजना के तहत 30-30 हजार रुपये की राशि चेक के माध्यम से दी गई। इसमें इंद्रावती, अंजुलता, केसरी बानो, सरोजा, सरिता व निशा शामिल हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने, उनका जीवनस्तर सुधारने तथा उनकी सभी जरूरी मदद करने के लिए लगातार काम कर रही है। इससे महिलाओं का मनोबल बढ़ा है। पहली बार महिलाओं को लगा है कि कोई सरकार केंद्र व प्रदेश में है, जो उनके भले के लिए सभी जरूरी कार्य कर रही है।
152 समूहों को 912 लाख का मिला ऋण
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा के कार्यक्रम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में काम रहे 152 स्वयं सहायता समूह के चेहरे खिला दिए। दरअसल इन समूहों को 9 करोड़ 12 लाख रुपये के ऋण को मंजूरी प्रदान करते हुए ऋण दिया गया। डिप्टी सीएम ने सहायता समूह के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे ऋण के माध्यम से अपने कारोबार को बढ़ा सकती हैं। स्वरोजगार के लिए संचालित योजना का व्यापक लाभ स्वयं सहायता समूह को मिल भी रहा है। तमाम महिलाएं समूह से जुड़कर परिवार का भरण पोषण कर रही हैं।
15 दिव्यांगों को दीं ट्राई साइकिलें
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने 15 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल देते हुए कहा कि दिव्यांगता को वे अपने ऊपर हावी न होने दें। तमाम दिव्यांग ऐसे हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के आधार पर सफलता के शिखर को छुआ है। आगे बढ़ने के लिए उन्हें दृढ़ इच्छाशक्ति रखनी होगी। इसके आधार पर ही सफलता के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ सकेंगे। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार दिव्यांगों के उत्थान के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन कर रही हैं। इनका बढ़-चढ़कर लाभ उठाना चाहिए।
दल-बदलू को पसंद नहीं करती जनता
डिप्टी सीएम ने कहा कि दल बदलते रहने वालों को जनता पसंद नहीं करती। जिले के कुछ जनप्रतिनिधियों व नेताओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ सत्ता के लिए दल बदलना होता है। ऐसे कुछ लोग मंत्री तक रहे, लेकिन क्षेत्र का जरूरी विकास नहीं करा पाए। वे दल बदलते रहते हैं। इसलिए जनता से जुड़ाव पर ध्यान नहीं देते। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने जलालपुर में राजभर सम्राट सुहेलदेव को लेकर जिक्र किया। सुरहुरपुर में एक किले को लेकर सुहेलदेव के अनुयायी लगातार आवाज उठा रहे हैं। उधर, डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की तमाम व्यवस्थाओं के बावजूद सत्ता की हनक भारी पड़ती रही। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के दिशा निर्देशों को ठेंगे पर रखा। डिप्टी सीएम के आने के बाद पार्टी के कई नेताओं के समर्थक जब ज्यादा नारेबाजी करने लगे तो मंच से दिनेश शर्मा ने फटकार भी लगायी। कहा कि यह सब ठीक नहीं है।
जिला प्रशासन की थपथपायी पीठ
जलालपुर में आगमन के दौरान डिप्टी सीएम ने जिला प्रशासन की पीठ थपथपाई। उन्होंने जिले में अलग-अलग योजनाओं को लेकर हुई प्रगति तथा पात्रों को दी गई सुविधाओं का वर्णन किया। बेहतर विकास कार्यों के लिए डीएम सैमुअल पॉल एन व सीडीओ घनश्याम मीणा की तारीफ करते हुए कहा कि अधिकारियों के प्रयासों से सरकार की योजनाओं का बेहतर लाभ जनपदवासियों को मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं खाली कुर्सियां
डिप्टी सीएम के आगमन के पहले तक तो कार्यक्रम स्थल पर बना पंडाल खचाखच भर गया था, लेकिन जैसे ही उनका भाषण शुरू हुआ, उसके कुछ ही देर बाद पंडाल तेजी से खाली होने लगा। मंच से ही भीड़ को रोकने का प्रयास शुरू हो गया। परिसर से बाहर निकलने वाले रास्ते पर कुछ देर के लिए पुलिसकर्मियों ने आवागमन रोक दिया। हालांकि मीडिया कर्मियों के कैमरे चमकते ही अधिकारी पीछे हट गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने रास्ता खोल दिया। नतीजा यह हुआ कि डिप्टी सीएम का आधा भाषण होने तक आधे से अधिक भीड़ पंडाल से बाहर जा चुकी थी। खाली हो गई बाकी कुर्सियों को लेकर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

हम बनाएंगे चुनाव में नया रिकॉर्ड
डिप्टी सीएम डॉॅ. दिनेश शर्मा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में हम पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ेंगे। इसके अलावा अंबेडकरनगर जिले की सभी 5 सीटों पर बीजेपी की जीत होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि हमने पूरे प्रदेश में बगैर भेदभाव काम किया है। कहा कि पहले यूपी की अर्थव्यवस्था 11 लाख करोड़ थी, जबकि पांच वर्ष में ही यह बढ़कर लगभग 22 लाख करोड़ हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed