फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ambedkar Nagar News ›   problem due to continuous rain

Ambedkar Nagar News: लगातार बारिश से आफत

Sat, 28 Sep 2024 12:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर Updated Sat, 28 Sep 2024 12:42 AM IST
विज्ञापन
problem due to continuous rain
जलालपुर के कटका में बारिश व तेज हवा से गिरी धान की फसल।
अंबेडकरनगर। जिले के अलग क्षेत्रों में बृहस्पतिवार शाम से शुरू हुई बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दीं। बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को शुरुआती घंटे की बारिश से तो लाभ हुआ लेकिन इसके बाद मुसीबत की बारिश शुरू हो गई। जहां तहां धान की फसल गिर पड़ी तो वहीं जगह-जगह जलभराव हो गया। कई गावों में घरों के अंदर तक पानी पहुंच गए। इसी बीच भीटी में बिजली गिरने से चार बहनें झुलस गईं।
विज्ञापन

उमसभरी गर्मी के बीच जब बृहस्पतिवार शाम से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ तो लोगों ने राहत महसूस की। धान व गन्ना किसानों को भी राहत मिली। लेकिन लगातार बारिश जारी रहने से लोगों की मुश्किलें भी बढ़ने लगीं। बृहस्पतिवार पूरी रात के बाद शुक्रवार को भी पूरे दिन बारिश होती रही। नतीजतन आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवा के साथ हो रही बारिश के बीच तहसील क्षेत्र भीटी के चिंउटीपारा गांव में खुशीलाल के शेड पर शुक्रवार सुबह बिजली गिर गई। इससे इसके नीचे सो रहीं चार बहनें शिल्पा (17), शशि (22), गुड़िया (15) व यामिनी दो माह झुलस गईं। सभी को सीएचसी भीटी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
विज्ञापन

सभी क्षेत्रों में बीते 24 घंटे में बारिश इतनी ज्यादा हुई कि दर्जनों गांव में पानी घरों तक पहुंच गया। विकासखंड कटेहरी के गौरा बसंतपुर गांव में अजीत मौर्य व संजय मौर्य के घर में पानी घुस गया। तहसील क्षेत्र जलालपुर के रफीगंज बाजार में लालचंद्र गुप्ता, सुदामा गुप्ता, गौतम सोनी, हरिराम, मोहम्मद अहमद, सचिन प्रजापति की दुकान में पानी घुस गया। इससे संबंधित दुकानदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। बसखारी विकासखंड के हरैया गांव में घरों तक पानी पहुंच गया। इसके अलावा टांडा व आलापुर तहसील क्षेत्र में भी जगह-जगह घरों व दुकानों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन


किसानों में कहीं खुशी तो कहीं गम
लगातार हो रही बारिश से किसानों को राहत मिली तो कुछ किसान ऐसे भी हैं जिन्हें बड़ी आर्थिक चपत लगी। दरअसल अगेती धान की फसल हवा के साथ हुई बारिश के बीच खेतों में धराशायी हो गई। तहसील क्षेत्र जलालपुर के नूरपुर कला निवासी गंगाराम की लगभग एक बीघा धान की फसल गिर पड़ी। गंगाराम का कहना है कि इससे अब उपज आधी हो जाएगी। भीटी, कटेहरी, महरुआ, हजपुरा, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, बसखारी, हंसवर, समेत जिले के अन्य क्षेत्र में ज्यादातर अगेती धान की फसल खेत में धराशायी हो गई। किसान रविकुमार, हरिशंकर व धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि पहले सिंचाई के अभाव में फसल खराब हो रही थी अब खेत में गिर जाने से बर्बाद हो जाएगी। इससे इतर कुछ किसान ऐसे भी थे जिन्हें इस बारिश से फायदा हुआ। भीटी के रामबख्श सिंह, अमेदा के महेश शर्मा, कटरिया के प्रदीप कुमार ने कहा कि इसी प्रकार की बारिश होने की जरूरत थी। खेत में पानी भर जाने से धान की फसल को संजीवनी मिल गई है। अब न सिर्फ रोग से राहत मिलेगी बल्कि बेहतर उपज भी हो सकेगी।

स्कूलों में अवकाश
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह ने सभी बोर्ड के इंटरमीडिएट स्तर तक के स्कूलों में 27 सितंबर व 28 सितंबर को अवकाश घोषित कर दिया। शुक्रवार को सुबह यह आदेश जारी हुआ। विकासखंड कटेहरी के प्राथमिक स्कूल तिवारीपुर में बारिश में भीगते हुए कुछ विद्यार्थी स्कूल पहुंच गए। वहां परिसर में पानी भरा था। उन्हें बताया गया कि अवकाश है। इसके बाद वे वापस चले गए।

जलभराव से आवागमन में हुई मुश्किल
लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अकबरपुर नगर के सब्जी मंडी, अयोध्या मार्ग, कृषि भवन के निकट, अकबरपुर बिजली उपकेंद्र परिसर, पीडब्लूडी कार्यालय परिसर में पानी भर गया। इससे विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार भीटी बाजार, केदारनगर, राजेसुल्तानपुर, जहांगीरगंज, रामनगर, रामगढ़, चेनपुर, सुरहुरपुर, दुल्हूपुर समेत कई अन्य बाजारों में भी समुचित जलनिकासी की सुविधा न होने से जलभराव हो गया। इससे न सिर्फ लोगों को आवागमन में समस्या हुई, बल्कि इसका प्रतिकूल प्रभाव व्यवसाय पर भी पड़ा।
कई जगह गिरे पेड़
तेज बारिश व हवाओं के चलते कई जगह मुख्य मार्गों पर ही पेड़ व डालियां गिर पड़ीं। इससे कई जगह आवागमन पर असर पड़ा। अकबरपुर बरियावन के बीच पेड़ गिरने से यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। इसी तरह अकबरपुर-मालीपुर मार्ग, जलालपुर-हजपुरा मार्ग व अकबरपुर-इल्तिफातगंज मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। कई अन्य क्षेत्रों में भी यही स्थिति रही।

हॉस्टल से सुरक्षित घर भेजी गईं 85 छात्राएं

कटेहरी (अंबेडकरनगर)। लगातार बारिश ने तिवारीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर को जलमग्न कर दिया। इससे छात्राओं के सामने मुश्किलें खड़ी होने लगीं। जिम्मेदारों ने इसकी जानकारी बीएसए को दी। बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी मौजूदगी में 85 छात्राओं को सुरक्षित अलग-अलग वाहनों से उनके घर पहुंचाया। साथ ही नगर पालिका परिषद अकबरपुर से जेसीबी मंगवाकर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए कार्य शुरू कर करवाया। (संवाद)

जलालपुर के कटका में बारिश व तेज हवा से गिरी धान की फसल।

जलालपुर के कटका में बारिश व तेज हवा से गिरी धान की फसल।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed