अंबेडकरनगर। रामबाबा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का शुभारंभ गुरुवार को जागरूकता रैली के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने आम जनमानस को स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। बाद में हुई गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को रासेयो के महत्व को समझाया गया। वक्ताओं ने कहा कि रासेयो छात्र-छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराने के साथ राष्ट्र प्रेम की भावना को भी सशक्त बनाता है।
प्रधानाचार्य अखिलेश प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। छात्र-छात्राओं ने रामबाबा व अतरौरा गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व बारे में जानकारी दी। कहा गया कि स्वच्छता अपनाने से तमाम तरह की बीमारियों को दूर किया जा सकता है। नियमित साफ सफाई हर व्यक्ति का दायित्व है। गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि रासेयो ऐसा मंच है, जो छात्र-छात्राओं सामाजिक जिम्मेदारियों का प्रसार करता है। साथ ही राष्ट्र प्रेम की भावना को मजबूत भी करता है। कहा कि सफाई मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा है। अपने परिवेश को स्वच्छ रखना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। इस मौके पर हरिश्चंद्र सिंह, राकेश कुमार, रामू विश्वकर्मा, रामशंकर, अनिल कुमार, शिवशंकर, सुजीत कुमार, विपिन सिंह व श्रीपाणी मिश्र आदि मौजूद रहे।