Lucknow: लविवि में एलएलबी की सीटें हुईं दोगुनी, बीएससी में बढ़ीं 287 सीटें, इन नए कोर्सों से मिलेगा रोजगार
लखनऊ विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 से सीटों और पाठ्यक्रमों में विस्तार किया। एलएलबी की सीटें दोगुनी हुईं, बीएससी और बीकॉम में वृद्धि हुई। एआई, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे नए कोर्स शुरू किए गए हैं। इन बदलावों से छात्रों को आधुनिक कौशल और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
विस्तार
लखनऊ विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 से अपने पाठ्यक्रमों और सीटों में व्यापक विस्तार का फैसला किया है। नई शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप किए गए इस बदलाव के तहत विश्वविद्यालय ने न केवल पारंपरिक पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ाई हैं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे आधुनिक विषयों में नए कोर्स शुरू कर छात्रों के लिए कॅरिअर व रोजगार के नए रास्ते भी खोले हैं।
स्नातक स्तर पर सबसे ज्यादा बढ़ोतरी बीए (सेल्फ फाइनेंस) में की गई है, जिसमें सभी विषयों को मिलाकर करीब 1430 सीटें बढ़ाई गई हैं। वहीं बीएससी (मैथ्स) में 287 और बीएससी (बायोलॉजी) में 155 सीटों का इजाफा हुआ है। इन सभी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की सीटें भी शामिल हैं।
एआई व डेटा साइंस में कई नए कोर्स शुरू
कंप्यूटर विज्ञान विभाग में आधुनिक तकनीकों को ध्यान में रखते हुए चार नए बीसीए कोर्स- एआई एंड मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और बीएससी साइबर सिक्योरिटी शुरू किए गए हैं। इनमें प्रत्येक में 75-75 सीटें होंगी। साथ ही एआई, साइबर सिक्योरिटी और डेटा साइंस में तीन नए एमएससी कोर्स शुरू किए गए हैं। एमएससी कंप्यूटर साइंस की सीटें भी दोगुनी कर दी गई हैं।
पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी की सीटें हुईं दोगुनी
विधि संकाय में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी की सीटें 176 से बढ़ाकर 330 कर दी गई हैं। साथ ही बीबीए-एलएलबी का नया कोर्स भी शुरू किया गया है। वाणिज्य संकाय में बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स और एमकॉम में भी सीटें बढ़ाई गई हैं।
अन्य नए कोर्स में बीकॉम (रिटेल मैनेजमेंट), बीकॉम (ई-कॉमर्स), होटल मैनेजमेंट, न्यूट्रिशनल साइंस और एमफार्म की पढ़ाई शुरू की जा रही है। इसके अलावा पीजी और डिप्लोमा स्तर पर 662 नई सीटें जोड़ी गई हैं। विश्वविद्यालय ने माइनर डिग्री प्रोग्राम भी शुरू किया है, जिसकी पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से होगी।
बढ़ी सीटों के बाद नया आंकड़ा एक नजर में
पाठ्यक्रम पहले सीटों की संख्या सीटें बढ़ीं सीटों की नई संख्या
बीए 3950 1430 5380
पंच वर्षीय एलएलबी 176 154 330
बीएससी (मैथ्स) 1440 287 1727
बीएससी (बायो) 840 155 995
बीकाॅम (एसएफ) 240 223 463
बीकाॅम (ऑनर्स) 180 102 282