{"_id":"5999c7e44f1c1b330f8b45b9","slug":"youth-died-in-flood","type":"story","status":"publish","title_hn":" बाढ़ के पानी में बह गया युवक, मौत ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बाढ़ के पानी में बह गया युवक, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 20 Aug 2017 11:03 PM IST
विज्ञापन
flood
- फोटो : अमर उजाला
सरयू नदी की बाढ़ के पानी में शनिवार देर शाम एक युवक बह गया। हादसे के वक्त युवक एक भोज से घर लौट रहा था। मुख्य मार्ग पर भरे पानी में फिसलने के बाद वह तेज बहाव में बह गया। जानकारी पर रविवार सुबह गोताखोरों ने घटनास्थल के निकट से उसका शव बरामद किया। युवक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
सरयू नदी में उफान के चलते कई गांवों के साथ पानी मुख्य मार्गों के ऊपर से बह रहा है। इसमें मांझा कम्हरिया के कई पुरवों के साथ अराजी देवारा गांव भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक अराजी देवारा के तलवा पुरवा निवासी धर्मेन्द्र (35) पुत्र पंडोही शनिवार शाम मांझा कम्हरिया गांव में एक भोज में गया था। देर शाम वह पैदल ही गांव लौट रहा था।
विज्ञापन
ग्रामीणों के मुताबिक कल्लू का पूरा गांव से कुछ दूर आगे सड़क के ऊपर से बह रहे पानी में धर्मेंद्र का पैर फिसल गया। वह पानी के बहाव के साथ बह गया। थोड़ा पीछे चल रहे ग्रामीणों ने बताया कि पानी के तेज बहाव के चलते चंद मिनट में ही धर्मेंद्र लापता हो गया। यह देख रहे ग्रामीणों ने शोर मचाया। गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
विज्ञापन
सूचना पर राजेसुल्तानपुर पुलिस भी पहुंची लेकिन रात होने की वजह से तलाश नहीं की जा सकी। धर्मेंद्र के परिवारीजन पूरी रात रोते-बिलखते रहे। रविवार सुबह गोताखोरों ने तलाश शुरू की। घटना स्थल से कुछ दूर धर्मेंद्र का शव पानी में उतराता मिला।
शव मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें ढांढ़स बधाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ विजय सिंह के मुताबिक युवक की पानी में डूबने से मौत हुई है लेकिन एहतियातन पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।