{"_id":"58542ea34f1c1bb951649a36","slug":"cash-are-not-available-on-the-20-branches-of-bank","type":"story","status":"publish","title_hn":"बैंकों की 20 शाखाओं पर धन न होने से उपभोक्ता मायूस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बैंकों की 20 शाखाओं पर धन न होने से उपभोक्ता मायूस
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Fri, 16 Dec 2016 11:43 PM IST
विज्ञापन
अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय स्थित स्टेट बैंक की कृषि शाखा पर शुक्रवार को लगी उपभोक्ताओं का लंबी कतार।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैश संकट से जूझ रहे बैंकों में शुक्रवार को भी सुधार नहीं हो सका। जिला मुख्यालय पर ही एसबीआई मुख्य शाखा से मात्र 10 हजार रुपये का ही भुगतान उपभोक्ताओं को किया जा सका। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक समेत अन्य बैंकों की लगभग 20 शाखाओं में कैश न होने से उपभोक्ताओं को मायूस हो लौटना पड़ा। इसके अलावा जिन बैंकों से धन-निकासी हो भी रही थी, वहां दो से चार हजार रुपये ही दिए गए।
विज्ञापन
पर्याप्त धनराशि न मिलने से शीतलहरी के बीच बैंकों में पहुंचे उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका लगा। नोटबंदी के बाद से ही जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की विभिन्न बैंक शाखाओं में कैश का टोटा बना हुआ है। जिला मुख्यालय स्थित एसबीआई व एचडीएफसी बैंक को छोड़ एक्सिस बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक समेत अन्य बैंकों में लगातार कैश की कमी बनी हुई है।
विज्ञापन
शुक्रवार को भी यह समस्या बनी रही। बड़ी संख्या में उपभोक्ता बैंक पहुंचे लेकिन ज्यादातर को मायूस होना पड़ा। जिला मुख्यालय पर स्थित एसबीआई मुख्य शाखा में जहां बीते दिनों तक 24 हजार रुपये तक की निकासी हुई थी वहीं शुक्रवार को कैश की कमी के चलते मात्र पांच से 10 हजार रुपये ही निकल सके। इसके अलावा अन्य बैंकों में दो से चार हजार रुपये तक का ही भुगतान हो सका।
विज्ञापन
सबसे अधिक समस्या बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखाओं में रही। इस बैंक की अन्नावां, रनीवा, इल्तिफातगंज, सूरापुर, केदारनगर, पहितीपुर, पतौना, किछौछा, महरुआ, भीटी, जलालपुर, राजेसुल्तानपुर, हंसवर व टांडा आदि शाखाओं में कैश का टोटा रहा। इससे संबंधित बैंक शाखाओं से उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
नाराज उपभोक्ताओं ने कहा कि हाड़कंपाऊ ठंड में सुबह से ही लंबी लाइन में लगना पड़ता है। ऐसे जब कैश न होने की जानकारी मिलती है तो गहरी निराशा हाथ लगती है। कई अन्य बैंक में भी शुक्रवार को लेन-देन का काम नहीं हो पाया। लगातार कैश संकट से जूझ रही एटीएम सेवा में शुक्रवार को भी सुधार नहीं हो सका।
बीते दिनों की तरह ही उपभोक्ता एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाते रहे लेकिन ज्यादातर उन्हें मायूसी ही हाथ लगी। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में मात्र एचडीएफसी व एक्सिस बैंक के एटीएम ही उपभोक्ताओं का साथ दे रहे हैं। जिला मुख्यालय पर एसबीआई मुख्य शाखा के एटीएम से दोपहर तक ही धन-निकासी हो सकी।
नतीजतन एचडीएफसी व एक्सिस बैंक एटीएम पर दबाव बढ़ गया। फैजाबाद रोड व पटेलनगर स्थित एचडीएफसी एटीएम पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई। एसबीआई मुख्य शाखा स्थित एटीएम से दोपहर तक ही धन-निकासी हो सकी। फैजाबाद रोड स्थित एसबीआई व एक्सिस बैंक से धन-निकासी न होने पर उपभोक्ताओं में आक्रोश फैल गया और हंगामा शुरू कर दिया।
हालांकि वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों व मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एलडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बैंकों में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने एवं उपभोक्ताओं को आवश्यकतानुसार धनराशि मुहैया कराने के लिए प्रयास चल रहे हैं। इसके लिए लगातार उच्चाधिकारियों से वार्ता की जा रही है। जल्द ही सुधार की संभावना है।