अंबेडकनगर हत्याकांड: कातिल आमिर को कब्रिस्तान में नहीं मिली जगह, घाट किनारे बिना दुआ-फातिहा के हुई आखिरी विदाई
अंबेडकरनगर हत्याकांड के आरोपी की मौत के बाद परिजनों और समाज ने उससे दूरी बना ली। शव को कब्रिस्तान में जगह नहीं मिली और अंततः पुलिस की मौजूदगी में घाट किनारे दफनाया गया। घटना ने समाज में अपराध के प्रति गुस्से और बहिष्कार की कठोर तस्वीर सामने रखी है।
-
- 1
-
Link Copied
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चार मासूम बच्चों और उनकी मां की निर्मम हत्या के आरोपी आमिर का अंत भी उतना ही भयावह और अकेला साबित हुआ जितना उसका अपराध। एनकाउंटर में मारे जाने के बाद उसे न अपनों का सहारा मिला, न समाज की सहानुभूति। जिंदगी भर जिन रिश्तों के बीच रहा, मौत के बाद वही रिश्ते उससे मुंह मोड़ गए।
मीरानपुर के कसाईबाड़ा निवासी आमिर के शव को पोस्टमार्टम के बाद लेने से उसके अपने परिजनों ने ही इनकार कर दिया। पिता जान मोहम्मद का साया पहले ही उठ चुका था। मां के अलावा तीन भाई हैं।
तीन अविवाहित बहनें हैं और एक की मौत हो चुकी है। पूरा परिवार मांस बिक्री का काम करता है। मां, भाई-बहनों का भरा-पूरा परिवार होने के बावजूद कोई उसे अपनाने को तैयार नहीं था। उसके गुनाह इतने भारी थे कि रिश्तों की डोर भी टूट गई।
सामाजिक बहिष्कार तक की बातें होने लगीं
भाई सैफी, चाचा ताज मोहम्मद समेत परिवार के अन्य लोगों ने अन्य परिजनों ने साफ कह दिया कि वे इस कलंक को अपने साथ नहीं जोड़ सकते। आसपास के लोगों में भी आक्रोश इतना था कि जिसने भी अंतिम संस्कार की हिम्मत दिखाई, उसके सामाजिक बहिष्कार तक की बातें होने लगीं।
यह सिर्फ एक व्यक्ति का अंत नहीं था, बल्कि समाज का कठोर निर्णय भी था। आखिरकार पुलिस के समझाने-बुझाने पर देर रात परिजन शव लेने को राजी तो हुए लेकिन उसे घर तक लाना भी मुनासिब नहीं समझा। जैसे वह पहले ही उनके दिलों से दफन हो चुका हो।
शिवाला घाट पर दफनाया
पोस्टमार्टम हाउस से सीधे शहजादपुर के इमामबाग कब्रिस्तान ले जाया गया लेकिन उसे यहां भी जगह नहीं मिली। मानो जमीन का एक टुकड़ा भी उसे स्वीकार करने को तैयार न हो। अंततः पुलिस की मौजूदगी में जौहरडीह शिवाला घाट पर उसे दफनाया गया।
बिना किसी रस्म, बिना किसी दुआ- फातिहा और बिना किसी आखिरी विदाई के। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ गलतियां सिर्फ जिंदगी ही नहीं छीनतीं, बल्कि मौत के बाद मिलने वाली इज्जत भी खत्म कर देती हैं। आमिर की कहानी इसी दर्दनाक सच्चाई की एक मिसाल बन गई है।