Prayagraj : छेड़खानी का केस दर्ज होने पर युवक फंदे पर लटका, परिजनों ने किया सड़क जाम
चकिया निवासी लालचंद खुल्दाबाद सब्जीमंडी में मुंशी का काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अपने परिवार के साथ सुलेमसराय स्थित ससुराल में रहता है। जबकि दूसरा भाई इन दिनों नशामुक्ति केंद्र में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खुल्दाबाद के चकिया में छेड़खानी का केस दर्ज होने पर लालचंद उर्फ गुड्डू सोनकर (30) ने खुदकुशी कर ली। सुबह वह घर के भीतर एक कमरे में जाकर फंदे पर लटक गया। उधर आक्रोशित परिजनों ने दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर चकिया-राजरूपपुर मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने बताया कि मौके से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने खुद को छेड़खानी के झूठे केस में फंसाने का आरोप भाई-भाभी समेत छह लोगों पर लगाया है। सभी पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है।
चकिया निवासी लालचंद खुल्दाबाद सब्जीमंडी में मुंशी का काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अपने परिवार के साथ सुलेमसराय स्थित ससुराल में रहता है। जबकि दूसरा भाई इन दिनों नशामुक्ति केंद्र में है। जीजा मंगलेश ने बताया कि बुधवार सुबह लालचंद सोकर उठा और अपने कमरे से निकलकर दूसरे कमरे में चला गया। बहुत देर तक बाहर नहीं आने पर घरवाले उसे जगाने पहुंचे तो वह फांसी पर लटका मिला।
इस पर चीखपुकार मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया तो परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने सड़क जाम कर दी। सूचना पर खुल्दाबाद व आसपास के थानों की फोर्स व पीएसी मौकेपर पहुंच गई। सीओ ने बहुत समझाया तब जाकर लोग शांत हुए और फिर शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इस दौरान चकिया-राजरूपपुर मार्ग पर यातायात करीब एक घंटे तक बाधित रहा।
आरोप: मारपीट की घटना में लिखाया छेड़छाड़ का केस
इससे पहले जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था कि उसकी भाभी ने उसे छेड़खानी के फर्जी मुकदमे में फंसा दिया। घटना मारपीट की थी और इसमें छेड़खानी के साथ ही लूट का भी आरोप लगाया गया। धूमनगंज पुलिस ने भी बिना जांच पड़ताल के ही केस भी दर्ज कर दिया। इसी से परेशान होकर वह अपनी जान दे रहा है। सुसाइड नोट में उसने भाई-भाभी समेेत उनके परिजनों के भी नाम शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि मृतक का भाई अपने परिवार के साथ सुलेमसराय स्थित ससुराल में रहता है। दोनों में लंबे समय से बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। 13 जून को सुलेमसराय स्थित भाई के ससुराल में वह बातचीत के लिए गया था जहां दूसरा पक्ष भी था। इसी दौरान वहां बात बढ़ गई और मारपीट होने लगी। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। जहां मृतक की मां की तहरीर पर मारपीट, गालीगलौज व धमकी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं उसकी भाभी ने छेड़खानी, लूट समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया था। एसओ अनुराग शर्मा ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर मृतक की भाभी-भाई समेत छह लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
ट्रैफिक करना पड़ा डायवर्ट
सड़क जाम होने के चलते पुलिस को एक घंटे के लिए करबला तिराहे पर ट्रैफिक भी डायवर्ट करना पड़ा। इसके तहत करबला बूथ के पास बैरिकेडिंग कर राजरूपपुर जाने वाले रास्ते पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। उधर राजरूपपुर की ओर से करबला की ओर आने वाले वाहनों को भी राजरूपपुर चौकी के पास से डायवर्ट किया गया। जाम खत्म होने के बाद यातायात बहाल तो हो गया लेकिन इससे करीब आधे घंटे तक वाहन रेंगते ही रहे।