प्रयागराज : घर खुलवाने पहुंची पुलिस को महिलाओं ने घेरा, चौकी प्रभारी से धक्का-मुक्की
दबंगों के भय से घर छोड़कर मायके में शरण लेने वाली महिला के बंद मकान का ताला खुलवाने पहुंची पुलिस टीम को शनिवार को विरोध का सामना करना पड़ा।
विस्तार
दबंगों के भय से घर छोड़कर मायके में शरण लेने वाली महिला के बंद मकान का ताला खुलवाने पहुंची पुलिस टीम को शनिवार को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि मौके पर मौजूद महिलाओं ने भारतगंज चौकी प्रभारी हर्ष कुमार से गालीगलौज और धक्का-मुक्की की। चौकी प्रभारी को निलंबित कराने और छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस टीम को बिना ताला खुलवाए ही लौटना पड़ा।
मामला भारतगंज कस्बे के कदम रसूल मोहल्ले का है। यहां रहने वाली नासरीन बेगम पत्नी गुलाम सूफी ने पुलिस से शिकायत की थी। आरोप लगाया गया कि सात सितंबर की शाम करीब चार बजे पड़ोस के लोग उसके घर में घुस आए और मारपीट, गालीगलौज तथा कपड़े फाड़ने के साथ गहने और मोबाइल समेत अन्य सामान ले गए। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। पीड़िता ने थाना, चौकी और मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत की थी।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद उसके घर में ताला लगा दिया गया। भय के कारण वह घर छोड़कर मायके चली गई और वहीं शरण ले रखी है। बंद मकान खुलवाने के लिए उसने पुलिस से गुहार लगाई थी।
ताला खुलवाने पहुंची पुलिस तो शुरू हो गया हंगामा
शनिवार दोपहर करीब दो बजे भारतगंज चौकी प्रभारी हर्ष कुमार महिला दरोगा और पुलिसकर्मियों के साथ पीड़िता का बंद मकान खुलवाने पहुंचे। पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर मौजूद महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान चौकी प्रभारी से गालीगलौज और धक्का-मुक्की की गई।
वायरल वीडियो में एक महिला चौकी प्रभारी को गाली देते हुए उन्हें निलंबित कराने और छेड़खानी के मुकदमे में फंसा देने की धमकी देती सुनाई दे रही है। वीडियो में एक युवती और किशोर भी पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं। विवाद बढ़ने पर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
पांच मिनट के वीडियो में दिखा पूरा हंगामा
सोशल मीडिया पर प्रसारित करीब पांच मिनट के वीडियो में महिला चौकी प्रभारी से लगातार गालीगलौज और धक्का-मुक्की करते हुए पुलिसकर्मियों को वहां से चले जाने की हिदायत देती नजर आ रही है। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। परिस्थितियां बिगड़ती देख पुलिस टीम को बैरंग लौटना पड़ा। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करती है।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों में भूमि विवाद को लेकर तकरार
एसओ मांडा कुलदीप शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में भूमि विवाद को लेकर तकरार हुई थी। दोनों पक्ष बढ़ा-चढ़ाकर तहरीर दे रहे हैं। दोनों पक्षों को शांतिभंग की कार्रवाई में पाबंद किया गया है। वहीं, एसीपी मेजा बृजेश पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।