बच्चों का विवाद युवक को पड़ा महंगा, महिला ने पीटकर मार डाला
चरवा कोतवाली क्षेत्र के दनियालपुर गांव में रविवार सुबह बच्चों के बीच हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को पड़ोस में रहने वाली महिला ने अपनी बहन, मां और भाई के साथ मिलकर अंजाम दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें- यूपी: अधिवक्ता दंपती को बेहोश कर लूटा, चलती कार से फेंककर फरार
दनियालपुर निवासी मो. अली (38) खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। रविवार सुबह उसका बेटा पड़ोसी के बेटे संग खेल रहा था। खेल-खेल में बच्चों के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि इस पर पड़ोस में रहने वाली सिन्नी पत्नी जमील अहमद आकर मो. अली को अपशब्द कहने लगी।
विरोध करने पर अपनी मां शाहजहां, बहन सब्बो और भाई मोनू के साथ पीटना शुरू कर दिया। इन लोगों ने ईंट-पत्थर और लोहे के तसले से कई प्रहार किए, जिससे मो. अली लहूलुहान होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद परिजनों ने घायल मो. अली को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी परवीन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिन्नी, उसकी मां-बहन व भाई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बच्चों के विवाद में पीटकर युवक की हत्या की गई है। एफआईआर लिखकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा- राजकुमार त्रिपाठी-सीओ, चायल