प्रयागराज: महिला सीआरपीएफ की बाइक रैली का संगमनगरी में जोरदार स्वागत, 15 राज्यों से होते हुए पहुंचेगी केवड़िया
आजादी का अमृत महोत्सव की भावना के साथ सीआरपीएफ महिला कर्मियों की तीन मोटर बाइक दल राष्ट्रीय एकता के अभियान के रूप में श्रीनगर, शिलांग एवं कन्याकुमारी से 75 बाइक 15 राज्य, दो संघ शासित प्रदेश से गुजरती हुई 10 हजार किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए 31 अक्तूबर को एकता नगर (गुजरात) पहुंचेगी।
विस्तार
लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 15 राज्यों की यात्रा पर निकली महिला सीआरपीएफ की बाइक रैली का प्रयागराज में सोमवार को जोरदार स्वागत हुआ। यहां सांसद केसरी देवी पटेली ने रैली को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। यह रैली 15 राज्यों से होते हुए सरदार पटेल की जयंती 31 अक्तूबर को केवड़िया गुजरात स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पर पहुंचेगी।
सरदार पटेल की जयंती 31 अक्तूबर को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के पूरा देश मनाने जा रहा है। इसी क्रम में सरदार पटेल का संदेश लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की महिला मोटर साईकिल रैली -2023 देश के तीन स्थानों से चलकर 15 राज्यों से गुजरते हुए राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना के संदेश का प्रचार-प्रसार कर रही है। रैली 31 अक्तूबर को स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, एकता नगर केवड़िया (गुजरात) पहुंचेगी।
रविवार को शिलांग से यात्रा आरंभ करने वाली महिला मोटर साइकिल सोमवार को प्रयागराज पहुंची। टीम में 50 महिला मोटर साइकिल सवार सहित कुल 180 सदस्य शामिल हैं। यहां चंद्रशेखर आजाद पार्क पर उनको आगे की यात्रा के लिए विदा करने के लिए समारोह आयोजित हुआ। एनसीसी कैडेटों ने परंपरागत बैंड बजाकर इनका स्वागत किया।
साथ ही केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रीय एकता और सरदार पटेल के व्यक्तित्व पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिला प्रशासन की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद केशरी देवी पटेल और रीता बहुगुणा जोशी रहीं। दोनों सांसदों ने रैली का स्वागत किया।
इस दौरान बताया गया कि आजादी का अमृत महोत्सव की भावना के साथ सीआरपीएफ महिला कर्मियों की तीन मोटर बाइक दल राष्ट्रीय एकता के अभियान के रूप में श्रीनगर, शिलांग एवं कन्याकुमारी से 75 बाइक 15 राज्य, दो संघ शासित प्रदेश से गुजरती हुई 10 हजार किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए 31 अक्तूबर को एकता नगर (गुजरात) पहुंचेगी। इस मौके पर डीआईजी प्रभाकर त्रिपाठी, संजीव राय, कमांडेंट सुमंत कुमार झा, पीके अटल, सुभाष बाजपेयी आदि मौजूद रहे। संचालन उप कमांडेंट केके झा ने किया ।