अमानवीयता : गोद में बेटे का शव लेकर बिलखती रही महिला, वीडियो वायरल
मामले में अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत पटेल का कहना है कि बच्चे की हालत बेहद नाजुक थी। ऑक्सीजन लगाकर देखा गया तो 10 मिनट में भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं था। ऐसे में उसे रेफर कर दिया गया।
विस्तार
फाफामऊ के शांतिपुरम में प्राची अस्पताल के बाहर गोद में बेटे का शव लेकर बिलखती महिला का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला का आरोप था कि वह गुहार लगाती रही लेकिन उसके बेटे को भर्ती नहीं किया गया और उसने उसकी गोद में ही दम तोड़ दिया। उधर पुलिस शिकायत मिलने की बात से इंकार करती रही।
महिला मऊआइमा के किरांव गांव की रहने वाली है। शनिवार को वह अपने चार साल के बेटे को लेकर प्राचाी अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि मिन्नतों के बाद भी वहां उसे भर्ती नहीं किया गया। इससे कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद महिला गोद में बेटे का शव लेकर अस्पताल के बाहर बैठ गई और बिलखने लगी। इस दौरान उसने आरोप लगाया कि वह गुहार लगाती रही लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई।
मामले में अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत पटेल का कहना है कि बच्चे की हालत बेहद नाजुक थी। ऑक्सीजन लगाकर देखा गया तो 10 मिनट में भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं था। ऐसे में उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें भेजा गया जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। कुछ शरारती लोग महिला को वापस लेकर आए और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
उधर एसओ फाफामऊ आशीष कुमार ने बताया कि सूचना पर उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर बच्चे की मां से बात की तो उसने कोई शिकायत देने से इंकार कर दिया। उधर अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि बच्चा मऊआइमा में भर्ती था जहां से जवाब मिलने के बाद परिजन उसे लेकर आए थे।