खिलाड़ियों को दिए टिप्स : विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा ने प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को दिया गुरुमंत्र
सर्वश्रेष्ठ कोच या अध्यापक से पढ़ना या सीखना हर किसी का सपना होता है। प्रयागराज के रूद्राभिषेक ट्रस्ट फॉर स्पोर्ट्स एंड एजुकेशन (आरटीएसई) में प्रशिक्षण पा रहे प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों का यह सपना पूरा हो गया। 20 और 21 नवंबर को आरटीएसई के छात्रों को राजकुमार शर्मा के साथ बातचीत करने और उन्हें सुनने का मौका मिला, जो भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के कोच हैं।
शर्मा प्रयागराज में थे और आरटीएसई क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में हिस्सा ले रहे थे। प्रदीप मिश्रा द्वारा स्थापित यह एकेडमी तकरीबन एक साल से प्रयागराज में अपना संचालन कर रही है। आरटीएसई क्रिकेट एकेडमी में इस कार्यशाला के दौरान राजकुमार शर्मा ने प्रेक्टिस सैशन को देखा तथा उभरते क्रिकेटरों को खेल की बारीकियों, तकनीकी कौशल, खेल के दौरान मानसिक क्षमता के महत्व के बारे में बताया। वर्तमान में तकरीबन 70 प्रतिभागी आरटीएसई क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण पा रहे हैं, जिन्हें इस कार्यशाला से लाभ हुआ।
शर्मा ने अपना काफी समय दिया और खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियों के बारे में बताया, उन्हें शारीरिक फिटनैस, सकारात्मक मानसिकता का महत्व समझाया, साथ ही यह भी बताया कि गेम चाहे किसी भी स्थिति में उन्हें कभी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। एकेडमी के उभरते खिलाड़ी इस मौके पर बेहद उत्सुक थे, शर्मा से बातचीत कर और खेल के गुर सीखकर वे बेहद उत्साहित नज़र आ रहे थे।
इस कार्यशाला के बारे में बात करते हुए प्रदीप मिश्रा, सीएमडी, आरईपीएल ने कहा, ‘‘आज राजकुमार शर्मा पूरे देश के सर्वश्रेष्ठ कोच हैं, हमें गर्व है कि उन्होंने हमारी एकेडमी के खिलाड़ियों को खेल के गुर सिखाए। यह प्रतिभाशाली एवं उभरते क्रिकेटरों के जीवन में महत्वपूर्ण अवसर है। एकेडमी में शर्मा की मौजूदगी ने हमारी एकेडमी के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रेरित किया और हमें न सिर्फ प्रयागराज में बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश राज्य में क्रिकेट के प्रमुख संस्थान के रूप में स्थापित किया है।’’
‘लखनऊ में हमारी एकेडमी की एक और शाखा है, जो 2015 से अपना संचालन कर रही है। एकेडमी से कुल सात खिलाड़ी बीसीसीआई संबद्ध टूर्नामेंट्स में विभिन्न राज्यों की टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि प्रयागराज की एकेडमी से भी हमें ऐसे ही परिणाम प्राप्त होंगे।’’ उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा। रूद्राभिषेक ट्रस्ट फॉर स्पोर्ट्स एंड एजुकेशन अपनी सर्वश्रेष्ठ एवं अनुभवी फैकल्टी के साथ उभरते खिलाड़ियों को क्रिकेट की दुनिया में सफल करियर बनाने में मदद करती है।
वर्तमान में यह लखनऊ और प्रयागराज में दो एकेडमियों का संचालन कर रही है- तथा क्रिकेट के आधुनिक उपकरणों की मदद से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देती है। वर्तमान में दोनों सेंटरों में 200 से ज़्यादा उम्मीदवार प्रशिक्षण पा रहे हैं। इनमें से सात खिलाड़ी- कृतज्ञ सिंह, विपिन चन्द्र, प्रियांशु श्रीवास्तव, विजय यादव, साहब युवराज सिंह, यशोवर्धन सिंह और कोमल होरा पहले से विभिन्न राज्यों की टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।